जयपुरः राजस्थान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज चौथा दिन है। इस समय राहुल की यात्र कोटा में चल रही है। इस बीच यात्रा में आज एक बीजेपी समर्थक युवक ने खुद को आग लगाकर सुसाइड का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने अपनी वर्दी उतारकर उसकी आग बुझा दी। युवक कांग्रेस की नीति को लेकर नाराज था।

उधर, पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी आज  सुबह करीब 9.30 बजे हेलिकॉप्टर से रणथंभौर पहुंची हैं। यहां वह शेरबाग होटल में रुकेंगी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक आज की यात्रा के बाद राहुल गांधी उनसे मिलने रणथंभौर जाएंगे।

इससे पहले कोटा में भारी भीड़ के कारण राहुल की यात्रा में कई बार भगदड़ की स्थिति नजर आई। कई बार लोग राहुल का सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए उनके पास पहुंच गए। वहीं, राहुल गांधी कोचिंग जा रहे स्टूडेंट्स से भी मिले और उन्होंने बच्चों से कहा कि आप ही देश का भविष्य हो…लव यू। आपको बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह से करीब 10 किलोमीटर का सफर तय कर चुकी है। एयरपोर्ट पर लिए टी-ब्रेक के बाद यात्रा फिर से शुरू हो गई।

कोटा में राहुल गांधी की भारत यात्रा के दौरान उमड़ी भीड़ को राजस्थान के सरकार के पावरफुल मिनिस्टर शांति धारीवाल के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। धारीवाल कोटा से ही विधायक हैं और गहलोत के करीबी मंत्रियों में शामिल हैं।

कोटा के सूर्यमुखी हनुमान मंदिर से आज सुबह करीब 6.15 बजे यात्रा की शुरुआत हुई है। भारत जोड़ो यात्रा में आज लंच ब्रेक नहीं होगा और सुबह 11.30 आज की यात्रा खत्म हो जाएगी। कोटा जिले में यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव करके छोटा कर दिया है।

यात्रा एक साथ आज 24 किलोमीटर का सफर करेगी। आज भडाना को यात्रा का आखिरी पॉइंट बनाया है। बूंदी जिले के केशोरायपाटन में राहुल गांधी की यात्रा का कैंप बनाया गया है, जहां पर दो दिन नाइट स्टे होगा।

वहीं, कोटा में यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव से सियासत गर्मा गई है। इससे पहले बुधवार को यहां सचिन पायलट के पोस्टर-बैनर हटाने को लेकर भी सियासी तनाव देखने को मिला था। हालांकि, कार्यक्रम में बदलाव को लेकर जयराम रमेश ने कहा है कि इस तरह के बदलाव सामान्य बात है।

भारत जोड़ो यात्रा में 9 दिसंबर को ब्रेक होगा। इसके बाद 10 दिसंबर को राहुल गांधी के साथ केवल ​महिला पैदल यात्री ही चलेंगी। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में भी महिलाओं के लिए एक दिन रखा गया था।

उसी तर्ज पर यहां भी भारत जोड़ो यात्रा में राहुल के साथ केवल महिला यात्री चलेंगी। इस दिन सोनिया गांधी के भी यात्रा में शामिल होने की संभावना है। सोनिया गांधी जन्मदिन मनाने के लिए आज सवाईमाधोपुर पहुंच रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here