Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः जेके रोलिंग… एक ब्रिटिश महिला, जिसने 90 के दशक में मां की मौत के बाद नॉवेल लिखने के बारे में सोच रही थी। जेके एक दिन लंदन के किंग्स क्रॉस स्टेशन पर बैठी ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान उसके दिमाग में अपनी पहली किताब के कैरेक्टर का आइडिया आया। फिर क्या था, नॉवेल की कहानी बुनी और उसे कागज पर उतारना शुरू कर दिया।

पहला नॉवेल लिखने के बाद जेके रोलिंग उसे प्रकाशित करवाने के लिए प्रकाशों का चक्कर लगाने लगी। 12 प्रकाशकों से बैरंग लौट आया। इसके बाद ब्लूम्सबेरी नाम के पब्लिशिंग हाउस ने किताब छापने का भरोसा दिया, लेकिन लेखिका जेके रोलिंग के सामने नाम बदलने की शर्त रख दी। खैर, 1997 में नॉवेल प्रकाशित हुआ और मार्केट में आते ही सबका ध्यान खींचा और देखते ही देखते बेस्टसेलर बन गया। नॉवेल का नाम था ‘हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन’। 1998 में इस किताब का दूसरा पार्ट आया और उसके बाद तो जैसे अगले हिस्से का इंतजार बेसब्री का इम्तिहान लेता नजर आता था।

आपको बता दें कि हैरी पॉटर सीरीज के अब तक 7 नॉवेल आ चुके हैं। सभी पर आठ फिल्में बन चुकी हैं। हैरी पॉटर को दुनिया के कोने-कोने पहुंचाने में उसके ऊपर बनी फिल्मों की भी अहम भूमिका रही है। 16 नवंबर 2001 को हैरी पॉटर पर बनी पहली फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन’ रिलीज हुई। इसके बाद जेके रोलिंग ने 1 मिलियन डॉलर में अपनी 4 किताबों के सभी राइट्स वॉर्नर ब्रदर्स को बेच दिए।

नॉवेल पर बनी सभी फिल्मों में डेनियल रेडक्लिफ ने हैरी पॉटर का रोल निभाया है। पहली फिल्म जब आई थी, तब डेनियल महज 11 साल के थे। हैरी और उसके दोस्त रोन वीसली, हरमाइनी (यह सभी मुख्य किरदार थे) के होगवार्ट स्कूल के एडवेंचर बच्चों को खूब पसंद आए। सभी 7 किताबों की 400 मिलियन कॉपी दुनियाभर की 60 भाषाओं में बिक चुकी हैं। पहली फिल्म क्रिस कोलंबस ने बनाई थी।

2002 में कोलंबस ने हैरीपॉटर की दूसरी फिल्म ‘हैरी एंड द चेंबर ऑफ सीक्रेट्स’ भी बनाई थी। 2004 मैक्सिको के डायरेक्टर अलफांसो क्यूरोन ने तीसरी फिल्म ‘हैरी पॉटर और द प्रिजनर ऑफ अज्काबान’ बनाई। 2005 में ‘हैरी पॉटर एंड गोल्बेट ऑफ फायर’ आई। इसे माइक न्यूवेल ने बनाया था। 2007 में पांचवीं फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द ऑर्डर ऑफ फीनिक्स’ और 2009 में छठी फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द हाफ ब्लड ऑफ प्रिंस’ आई। दोनों को डेविड येट्स ने डायरेक्ट किया।

इसके बाद दो पार्ट में हैरी पॉटर एंड द डेथली हैलोज आई। इस फिल्म का पहला पार्ट 2010 में आया और दूसरा पार्ट 2011 में आया। इसे भी डेविड येट्स ने डायरेक्ट किया था। सभी आठ फिल्मों का 1.2 बिलियन डॉलर का बजट था। दुनिया भर में इन सभी फिल्म ने 7.7 बिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई की।

UNESCO की स्थापनाः 1942 में दुनिया द्वितीय विश्व युद्ध से जूझ रही थी। चारों तरफ तनाव था। दुनिया दो हिस्सों में बंटी थी। एक तरफ नाजी जर्मनी और सहयोगी राष्ट्र थे, जिन्हें धुरी राष्ट्र कहा जाता था। तो दूसरी तरफ यूरोप के अन्य देश थे, जिन्हें मित्र राष्ट्र कहा जाता था। इसी समय इंग्लैंड में मित्र राष्ट्र के सभी एजुकेशन मिनिस्टर की मीटिंग हुई। मीटिंग का नाम संक्षेप में केम था, यानी कॉन्फ्रेंस ऑफ अलाइड एजुकेशन मिनिस्टर।

कहा जाता है कि युद्ध के परिणामों को यह सभी भांप गए थे। सभी शिक्षा व्यवस्था को सुधारने और दुनिया में शांति स्थापित करने के लिए एक तरह का संगठन बनाने पर विचार करने लगे। बैठक में शैक्षिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में काम करने वाली संस्था बनाने के प्रारूप पर चर्चा हुई। 16 नवंबर 1942 से दिसंबर 1945 तक केम की मीटिंग होती रही। 16 नवंबर 1945 को UNESCO नाम से संस्था का गठन हुआ।

इस संस्था का मकसद शिक्षा, संस्कृति के सहयोग से दुनिया में शांति और सुरक्षा स्थापित करना है। इसका मकसद संयुक्त राष्ट्र के चार्टर में दिए जस्टिस, ह्यूमन राइट और मौलिक अधिकारों की स्वतंत्रता पर वैश्विक सहमति बनाना था। UNESCO (यूनाइटेड नेशंस एजुकेशनल, साइंटिफिक, और कल्चरल ऑर्गेनाइजेशन) में 193 देश सक्रिय सदस्य हैं। 11 सहयोगी देश और दो देश सुपरवाइजर की भूमिका में हैं। UNESCO का हेडक्वार्टर पेरिस में है। इसके अलावा UNESCO के 21 नेशनल और 27 क्लस्टर ऑफिस भी हैं। वर्तमान में UNESCO के महानिदेशक आंद्रे एंजोले हैं। भारत इस संस्था का 1946 से सदस्य है। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 16 नवम्बर को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर…

1713 : बाला जी विश्वनाथ को साहू ने पेशवा नियुक्त किया।
1776 : ब्रिटिश सैनिकों ने अमेरिका की क्रांति के दौरान फोर्ट वाशिंगटन पर कब्जा किया।
1840 : न्यूजीलैंड आधिकारिक तौर पर ब्रिटिश उपनिवेश का हिस्सा बना।
1846: उर्दू के मशहूर शायर अकबर इलाहाबादी का जन्म।
1849 : रूस के प्रसिद्ध लेखक फ़्योदोर दोस्तोविस्की को फांसी की सज़ा। क्राइम एंड पनिशमेंट, द ईडियट और द ब्रदर्स करैमज़ोव जैसी ढेरों रचनाओं के रचयिता फ्योदोर पर एक भूमिगत संगठन का सदस्य होने का आरोप लगा और उन्हें मौत की सजा सुनाई गई।
1860 : भारतीय श्रमिकों का पहला जत्था दक्षिण अफ्रीका के नटाल पहुंचा।
1916 : रूस के ला सतान्या स्थित कारखाने में विस्फोट से 1000 लोगों की मौत।
1930: भारतीय तैराक मिहिर सेन का जन्म। 1958 में उन्होंने इंग्लिश चैनल पार किया था। इंग्लिश चैनल पार करने वाले वह पहले भारतीय और एशियाई तैराक थे। 1966 में वे हर महाद्वीप के वॉटर चैनल को तैरकर पार करने वाले पहले तैराक बने।
1933 : अमेरिका और सोवियत संघ के बीच राजनयिक संबंध स्थापित।
1945 : विश्व भर की सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण करने वाले यूनेस्को का गठन।
1973 : स्काईलैब 4 को तीन अंतरिक्ष यात्रियों के साथ केप केनवरा से 84 दिन के अभियान पर अंतरिक्ष में भेजा गया।
1973: बैटमिंटन खिलाड़ी पुलेला गोपीचंद का जन्म।
1988 : पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने चुनाव में जीत हासिल की और बेनजीर भुट्टो पाकिस्तान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं।
1996: मदर टेरेसा को अमेरिका ने मानद नागरिकता प्रदान की थी।
2001: को हैरी पॉटर पर बनी पहली फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द फिलॉस्फर्स स्टोन’ रिलीज हुई।
2001: अफ़ग़ानिस्तान को लेकर संयुक्त राष्ट्र के 21 सदस्यीय दल में भारत शामिल।
2002: मुशर्रफ़ ने पांच साल के दूसरे कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति पद की शपथ ली।
2007: बंगाल की खाड़ी से उठे भीषण चक्रवाती तूफ़ान ‘सीडर’ ने बंगलादेश में भीषण तबाही मचाई। वन टू गो एयरलांइस का विमान थाईलैंड में दुर्घटनाग्रस्त होने से 89 लोगों की मौत।
2008 : चन्द्रयान के लूनर लेजर रेजिंग उपकरण ने सफलतापूर्वक काम करना शुरू किया।
2013: वाशिंगटन में एक बंदूकधारी ने नौसेना के एक शिविर में 12 लोगों की गोली मारकर हत्या की।
2014: इस्लामिक स्टेट ने सीरियाई कुर्दिश लड़ाकों के खिलाफ युद्ध छेड़ा।
2017: जर्मनी में UN क्लाइमेट समिट में 19 देशों ने कोयले के इस्तेमाल कम करने की प्रतिज्ञा ली।
2019: गोटबाया राजपक्षे ने श्रीलंका चुनावों में जीत दर्ज की।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here