दिल्लीः नाटो यानी उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन का सदस्य देश पोलैंड ने रूस पर मिसाइल हमला करने का आरोप लगाया है। पोलैंड ने मंगलवार को कहा कि उनके देश में रूस में बनी 2 मिसाइलें गिरी हैं। इसकी वजह से 2 लोगों की जान गई। इंडोनेशिया के बाली में चल रही G-20 मीटिंग के बीच पोलैंड का यह आरोप तीसरे विश्वयुद्ध की आशंका को बढ़ा रहा है। आपको बता दें कि पोलैंड नाटो देशों का हिस्सा है और अगर उसके आरोप सही हैं तो संधि के तहत सभी नाटो देशों को मिलकर रूस को जवाब देना होगा।

उधर, रूस ने उन्होंने पोलैंड में मिसाइल दागने से साफ इनकार कर दिया है। उसने कहा है कि यह साजिश का हिस्सा है। G-20 में मौजूद अमेरिकी प्रेसिडेंट जो बाइडेन ने तुरंत इमरजेंसी मीटिंग बुलाई। उन्होंने भी कहा- पोलैंड में रूस की मिसाइलें गिरना संभव नहीं लगता है, लेकिन हम उस दावे की जांच में सहयोग करेंगे, जिसमें पोलैंड कह रहा है कि मिसाइलें रूसी थीं।

उधर, पोलैंड के प्रधानमंत्री माटुस्ज मोराविकी ने मिसाइल गिरने की खबरों के बाद आपात बैठक बुलाई है। इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा मामलों को लेकर चर्चा की जा रही है। यह जानकारी सरकार के प्रवक्ता पिओतर मुलर ने दी है। उन्होंने कहा कि मिसाइल गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई है। हम मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही इस बारे में अपडेट देंगे।

वहीं, अमेरिका ने कहा है कि वह अपने नाटो मेंबर पोलैंड में मिसाइल गिरने की जांच कर रहा है। इसके साथ ही लगातार पोलिश अधिकारियों के साथ मामले को लेकर बातचीत भी कर रहा है। अमेरिका ने रूस को चेतावनी भी दी है। नाटो के महासचिव स्टोलटेनबर्ग ने कहा कि हम नाटो क्षेत्र के हर इंच की रक्षा करेंगे।

हालांकि, व्हाइट हाउस ने कहा है कि हम पोलैंड से आने वाली खबरों की पुष्टि नहीं कर सकते हैं। हमारी टीम अधिक जानकारी जुटाने के लिए पोलिश सरकार के साथ काम कर रही है।

क्या है नाटोः नाटो (NATO)यानी नॉर्थ अटलांटिक ट्रीटी ऑर्गनाइजेशन है। यह यूरोप और उत्तरी अमेरिकी देशों का एक सैन्य और राजनीतिक गठबंधन है। नाटो संधि का आर्टिकल-5 कहता है कि यदि नाटो के किसी भी देश पर हमला होता है, तो नाटो के बाकी मेंबर देश इस हमले को सभी सदस्यों पर हमला मानेंगे। सहयोगी देश की मदद के लिए आगे आएंगे और कार्रवाई करेंगे।

नाटो में अमेरिका, फ्रांस, बेल्जियम, लक्जमर्ग, ब्रिटेन, नीदरलैंड्स, कनाडा, डेनमार्क, पोलैंड, आइसलैंड्स, इटली, नार्वे, पुर्तगाल समेत 30 देश हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here