Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को आज के ही दिन यानी 3 अक्टूबर 1977 को गिरफ्तार किया गया था। उन पर चुनाव प्रचार के लिए जीप की खरीदी में भ्रष्टाचार का आरोप था। कहा गया कि 1977 के लोकसभा चुनाव के दौरान रायबरेली में इंदिरा के लिए 100 जीपें खरीदी गई थीं। इनका भुगतान कांग्रेस ने नहीं, बल्कि उद्योगपतियों ने किया था। साथ ही सरकारी पैसे का भी इस्तेमाल किया गया था। उस समय देश में मोरारजी देसाई के नेतृत्व में जनता पार्टी की सरकार थी और गृहमंत्री चौधरी चरण सिंह थे।

कहा जाता है कि इमरजेंसी में जिस तरह इंदिरा गांधी ने विरोधियों को परेशान किया, उनसे कई नेता नाराज थे। वे चाहते थे कि जिस तरह उन्हें जेल भेजा गया, वैसा ही इंदिरा के साथ भी किया जाए। चरण सिंह तो इसके लिए अड़ ही गए थे, जबकि मोरारजी देसाई कोई भी गैरकानूनी कदम नहीं उठाना चाहते थे। तब, 3 अक्टूबर को इंदिरा गांधी के खिलाफ सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की और गिरफ्तार भी किया।

उन्हें बड़कल लेक गेस्ट हाउस में हिरासत में रखना था, लेकिन उन्हें किंग्सवे कैम्प की पुलिस लाइन में बनी ऑफिसर्स मेस में रखा गया। 4 अक्टूबर की सुबह मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया, तो सामने आया कि इंदिरा के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। इसके बाद तकनीकी आधार पर उन्हें बरी कर दिया गया।

जनता पार्टी सरकार की इस राजनीतिक भूल को ‘ऑपरेशन ब्लंडर’ कहा जाता है। इंदिरा को इसका नुकसान नहीं, बल्कि फायदा हुआ। इमरजेंसी लगाने के कारण जनता में इंदिरा के खिलाफ गुस्सा था, जो जनता पार्टी सरकार के इस कदम की वजह से सहानुभूति में बदलने लगा। इसका असर 1980 के चुनावों में दिखा। जब इंदिरा ने फिर से सत्ता में वापसी की।

ब्रिटेन ने परमाणु बम का परीक्षण कियाः  ब्रिटेन ने आज के ही दिन यानी 3 अक्टूबर 1952 को परमाणु बम का टेस्ट किया था। ऑपरेशन हरीकैन के नाम का ये टेस्ट पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में मोंटेबेलो आइलैंड में किया गया था। इसके साथ ही यूके दुनिया का तीसरा परमाणु हथियार संपन्न देश बन गया। उस समय तक सिर्फ यूनाइटेड स्टेट्स और सोवियत यूनियन के पास ही परमाणु हथियार थे।

अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनीः

बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 21 अन्य पार्टियों के साथ 1999 में 545 में से 296 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल कर बहुमत हासिल किया। कांग्रेस को 114 सीटें मिली थीं। अटलजी के नेतृत्व में पहली बार किसी गठबंधन सरकार ने पांच साल पूरे किए। इसके बाद 2004 से 2014 तक मनमोहन सिंह के नेतृत्व में यूपीए की सरकार ने देश पर शासन किया।

अमेरिका में नेशनल थैंक्स गिविंग डे की शुरुआतः अमेरिका में राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन ने 1863 में 3 अक्टूबर को ही नवंबर के आखिरी गुरुवार को थैंक्स गिविंग डे के तौर पर तय किया था। तब से अमेरिका में इस दिन छुट्टी होती है। इस साल थैंक्स गिविंग डे 26 नवंबर को है। इसकी शुरुआत फसल का सीजन खत्म होने पर अच्छी पैदावार के लिए ईश्वर का धन्यवाद अदा करने के लिए हुई थी। अब यह अमेरिका के सबसे बड़े शॉपिंग फेस्ट के तौर पर मनाया जाता है। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 03 अक्टूबर को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओँ पर-

1657: फ्रांसीसी सैनिकों ने मैड्रिड पर कब्जा किया।
1831 : मैसूर पर ब्रिटिश हुकूमत ने कब्जा किया।
1880: पहले मराठी संगीत नाटक संगीत शाकुन्तल का पुणे में मंचन किया गया।
1866 : इटली और ऑस्ट्रिया के बीच वियना समझौते पर हस्ताक्षर हुए, जिसके आधार पर ऑस्ट्रिया ने वेंनसी राज्य को इटली के हवाले कर दिया।
1932: इराक को यूके से आजादी मिली। प्रथम विश्वयुद्ध के बाद 1920 में यूके ने इराक पर कब्जा किया था।
1952 : ब्रिटेन ने पहला परमाणु परीक्षण किया, जिसे ‘हरिकेन’ नाम दिया गया।
1952: ब्रिटेन के लोगों के लिए चाय के सीमित उपयोग का नियम समाप्त किया गया। बारह वर्षों के बाद ब्रिटेन के लोगों को अपनी मर्जी के मुताबिक जितनी चाहें उतनी चाय पीने का हक मिला।
1977 : इंदिरा गांधी को भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार किया गया। यह पहला मौका था, जब किसी पूर्व प्रधानमंत्री को गिरफ्तार किया गया।
1978ः कोलकाता में पहले और दुनिया में दूसरे टेस्ट ट्यूब बेबी का जन्म हुआ।
1984 : भारत की सबसे लंबी दूरी की रेल हिमसागर एक्सप्रेस को कन्याकुमारी से जम्मू तवी के लिए रवाना किया गया।
1990 : चार दशक के शीत युद्ध के बाद पूर्वी और पश्चिमी जर्मनी एक हुए।
1992 : गीत सेठी ने विश्व पेशेवर बिलियर्ड्स चैंपियनशिप जीती।
1995: अमेरिका के मशहूर फुटबाल खिलाड़ी ओ जे सिंपसन को उनकी पूर्व पत्नी निकोल और उनके मित्र रोनाल्ड गोल्डमैन की हत्या के आरोप से मुक्त कर दिया गया।
1995ः चीन और इंग्लैंड के बीच हांगकांग के सुगम हस्तांतरण पर सहमति बनी।
2003ः पाकिस्तान ने हत्फ-मिसाइल का परीक्षण किया।
2005ः भारत और पाकिस्तान ने डील पर हस्ताक्षर किए कि दोनों एक-दूसरे को बैलिस्टिक मिसाइल टेस्ट की योजना के बारे में बताएंगे।
2008ः टाटा ग्रुप ने सिंगुर (पश्चिम बंगाल) में हिंसक प्रदर्शनों के बाद दुनिया की सबसे सस्ती कार बनाने का कारखाना लगाने की योजना ड्रॉप कर दी।
2013ः कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाले में पांच साल जेल की सजा सुनाई।
2014ः पटना में दशहरे पर बिजली का तार गिरने की अफवाह से मची भगदड़ में 32 लोगों की मौत हुई।
2018 : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संयुक्त राष्ट्र के सर्वोच्च पर्यावरण पुरस्कार ‘चैम्पियंस ऑफ द अर्थ’ प्रदान किया गया।
2020 : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के रोहतांग में 10 हजार फुट की ऊंचाई पर निर्मित ‘‘अटल सुरंग’’ का उद्घाटन किया।
2021: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़की। इस घटना में आठ लोगों की मौत हुई। यह मामला काफी चर्चा में रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here