लंदनः ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय पंचतत्व में विलीन हो गईं। उनका सोमवार देर रात अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को किंग जॉर्ज मेमोरियल VI चैपल में पति प्रिंस फिलिप के बगल में दफनाया गया, जो विंडसर कासल में मौजूद सेंट जॉर्ज चैपल का ही एक हिस्सा है। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय इस जगह दफन की जाने वाली शाही परिवार की 11वीं सदस्य बनीं। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पिता किंग जॉर्ज VI के अलावा मां और बहन भी यहीं दफन की गईं थीं। आपको बता दें कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का निधन 8 सितंबर को हुआ था।

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का अंतिम संस्कार दो तरह से हुआ। पहला- स्टेट फ्यूनरल, यानी राजकीय सम्मान के साथ। दूसरा- प्राइवेट फ्यूनरल, यानी पारिवारिक तौर पर अंतिम संस्कार। स्टेट फ्यूनरल में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत करीब 800 VVIPs शामिल हुए। प्राइवेट फ्यूनरल में शाही परिवार के सदस्यों के अलावा सिर्फ महारानी एलिजाबेथ का पर्सनल स्टाफ शामिल था।

आखिरी रस्म की कोई बात सार्वजनिक नहीं की गई। बकिंघम पैलेस ने इसे ‘डीपली पर्सनल फैमिली ऑकेजन’ यानी नितांत निजी कार्यक्रम बताया। इसके वीडियो या फोटो भी जारी नहीं किए गए।

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का कॉफिन यानी ताबूत रॉयल गार्ड्स की परेड के साथ वेस्टमिंस्टर हॉल से वेस्टमिंस्टर ऐबे लाया गया। शाही परिवार के लोग गन कैरिज (तोपगाड़ी) के पीछे चल रहे थे। शाही रीति-रिवाजों के मुताबिक क्वीन के निधन पर शोक जताया गया, प्रेयर्स हुईं। प्राइम मिनिस्टर लिज ट्रस ने छोटा भाषण दिया। शाही परिवार की तरफ से एक प्रस्ताव पढ़ा गया। फिर दो मिनट का मौन रखा गया। किंग चार्ल्स के अलावा कैमिला, डीन ऑफ विंडसर, प्रिंसेस एनी, प्रिंस एडवर्ड, प्रिंस एंड्रू, प्रिंस विलियम और हैरी पूरे कार्यक्रम में मौजूद रहे।

वेस्टमिंस्टर ऐबे में स्टेट फ्यूनरल की रस्मों के बाद ताबूत 40 किलोमीटर दूर विंडसर कासल लाया गया। यहां के सेंट जॉर्ज मेमोरियल चैपल में डीन ऑफ विंडसर ने रॉयल फैमिली और क्वीन के पर्सनल स्टाफ के साथ प्रेयर की। ताबूत रॉयल वॉल्ट में रखा गया। केंटरबरी के आर्कबिशप ने आशीष वचन (Blessings) बोले। रॉयल बैंड ने शोक धुन बजाई। रॉयल जूलर (शाही सुनार) ने क्वीन के ताबूत से क्राउन और बाकी चीजें निकालीं। करीब दो घंटे बाद क्वीन के अंतिम संस्कार की आखिरी रस्म पूरी की गई।

उधर, अमेरिका अखबार ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ ने प्रिंस हैरी का एक फोटो पोस्ट किया। इसमें रॉयल गार्ड्स क्वीन एलिजाबेथ के कॉफिन को सैल्यूट करते नजर आ रहे हैं। हैरी के दोनों हाथ सीधे पैरों की तरफ हैं। फिलहाल, यह साफ नहीं है कि हैरी को रॉयल सैल्यूट से रोका गया या उन्होंने खुद ऐसा किया। आपको बता दें कि दो साल पहले हैरी और पत्नी मेगन मार्केल रॉयल स्टेट्स छोड़ चुके हैं और अमेरिका में रहते हैं।

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार के दौरान पूरे वक्त प्रिंस विलियम और प्रिंस हैरी एक साथ रहे। ‘द गार्डियन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, कई घंटे साथ रहने के बावजूद दोनों भाईयों ने एक-दूसरे से बात करना तो दूर आंखें तक नहीं मिलाईं। प्रिंस विलियम की पत्नी केट मिडलटन और प्रिंस हैरी की पत्नी मेगन मर्केल ने भी एक-दूसरे से बातचीत नहीं की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here