Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः पोलो खेल की शुरुआत हुईःआज के ही दिन यानी 3 सितंबर 1875 को दुनिया का पहला पोलो मैच खेला गया था। अर्जेंटाइन ओपन पोलो टूर्नामेंट में खेले गए इस मैच को पहला आधिकारिक पोलो मैच माना जाता है। पोलो दुनिया का सबसे पुराना टीम स्पोर्ट है। इसका इतिहास 2000 साल से भी ज्यादा पुराना है।

भारत में पोलो को आधुनिक रूप में लाने का श्रेय मुगलों को जाता है। ब्रिटिश काल में प्रसिद्ध ब्रिटिश कप्तान रॉबर्ट स्टीवर्ट पोलो का अंग्रेजी रूप लेकर आए। ब्रिटिश शासकों ने असम के सिलचर में एक पोलो क्लब की स्थापना की।

हालांकि मणिपुर और मंगोल जाति के लोग ब्रिटिशर्स के आने से पहले से ही पोलो खेलते थे। इसी वजह से मणिपुर को पोलो का जन्मस्थान माना जाता है। ‘सागो कांगजेई’ नामक एक पारंपरिक मणिपुरी खेल को आधुनिक पोलो का जन्मदाता माना जाता है।

1892 में भारत में इंडियन पोलो एसोसिएशन की स्थापना हुई। उस समय अलग-अलग रियासतों की अपनी पोलो टीम हुआ करती थी। इनमें जयपुर, भोपाल, अलवर, बीकानेर और हैदराबाद मुख्य थीं। आजादी के बाद भी पोलो भारत में खेला जाता रहा। 1957 में भारतीय पोलो टीम ने फ्रांस में वर्ल्ड चैंपियनशिप का खिताब भी अपने नाम किया था।

अमेरिका आजाद हुआः3 सितंबर 1783 को पेरिस संधि के साथ अमेरिका में इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे संघर्ष का अंत हुआ। इस संधि के बाद इंग्लैंड के तत्कालीन प्रधानमंत्री लार्ड नार्थ ने इस्तीफा दे दिया। इंग्लैंड के खिलाफ संघर्ष की शुरुआत 1756 में हुई थी। जब अमेरिकियों ने बॉस्टन बंदरगाह पर खड़े एक चाय के जहाज को लूट लिया था। इतिहास में ये घटना बोस्टन चाय पार्टी के नाम से जानी जाती है। 4 जुलाई 1776 अमेरिका ने खुद को आजाद घोषित कर दिया था। लेकिन इसके बाद भी संघर्ष जारी रहा। 3 सितंबर 1783 को हुई संधि के साथ ये संघर्ष खत्म हुआ और 13 अमेरिकी उपनिवेश स्वतंत्र घोषित हुए।

नोकिया बिकाः भारत में साल 2000 के बाद का टेलिकॉम इंडस्ट्री रफ्तार पकड़ने लगी थी जिसको लीड कर रही थी- नोकिया। उस दौर में नोकिया घर-घर में जाना पहचाना नाम था। अपने कीपैड फोन की ब्रॉड रेन्ज की वजह से नोकिया के सामने कोई भी दूसरी कंपनी टिक नहीं सकती थी, लेकिन एक दशक के भीतर ही नोकिया की रफ्तार पर ब्रेक लगने लगा। कंपनी को खासा नुकसान हुआ और आज ही के दिन 2013 में माइक्रोसॉफ्ट ने नोकिया को खरीद लिया।

नोकिया का इतिहास डेढ़ सौ साल से भी ज्यादा पुराना है। 1865 में फ्रेडरिक इडेस्टैम ने फिनलैंड में नोकिया कॉर्पोरेशन की शुरुआत बतौर एक पेपर मिल कंपनी की थी। हालांकि उस वक्त कंपनी को नोकिया नाम नहीं मिला था। कुछ सालों बाद कंपनी ने अपनी दूसरी ब्रांच नोकियानवेरता नदी के पास खोली। माना जाता है कि नदी के नाम की वजह से ही नोकिया को नोकिया नाम मिला। शुरुआत में कंपनी पेपर, रबर और केबल्स का कारोबार करती थी।

1871 में फ्रेडरिक इडेस्टैम ने अपने दोस्त लियो मैकलीन के साथ मिलकर एक शेयर्ड कंपनी बनाई जिसे नोकिया एबी नाम दिया गया। 1896 में इडेस्टैम रिटायर हो गए और कंपनी का पूरा कारोबार मैकलीन के जिम्मे आ गया।

कंपनी ने धीरे-धीरे अपना बिजनेस दूसरे सेक्टर में भी फैलाना शुरू किया। 1902 में कंपनी ने इलेक्ट्रिसिटी जनरेशन में कदम रखा। कुछ साल बाद ही विश्वयुद्ध शुरू हो गया और कंपनी दिवालिया हो गई। इस कंपनी का अधिग्रहण फिनिक्स रबर कंपनी ने कर लिया। कंपनी स्वतंत्र तौर पर व्यापार करती रही, लेकिन 1967 में इन सारी कंपनियों को मिलाकर नोकिया कॉर्पोरेशन नाम दिया गया।

इसी दशक में नोकिया ने मिलिट्री और आम जनता के लिए मोबाइल रेडियो टेलीफोन के प्रोडक्शन में कदम रखा। 1987 में नोकिया ने दुनिया का पहला हैंडहेल्ड मोबाइल फोन लॉन्च किया। 5 हजार 456 डॉलर कीमत का ये फोन खूब बिका।

1988 में कंपनी के चेयरमैन कारी कायरोमो ने सुसाइड कर लिया। नए चेयरमैन ने डिसाइड किया कि कंपनी अपने सारे व्यापार बंद कर केवल टेलीकम्यूनिकेशन मार्केट पर ही फोकस करेगी। 1991 में फिनलैंड के प्रधानमंत्री ने नोकिया के फोन से दुनिया की पहली GSM कॉल की। अगले ही साल नोकिया-1011 मॉडल लान्च किया गया। कुछ ही सालों में नोकिया ने अपनी 2100 सीरीज लॉन्च की। इस सीरीज की बिक्री कंपनी की उम्मीदों से कहीं ज्यादा हुई। 1998 तक नोकिया दुनिया की टॉप टेलीकम्यूनिकेशन कंपनी बन गई। अगले एक दशक तक कंपनी टेलीकम्यूनिकेशन मार्केट की बादशाह बनी रही। 2007 में नोकिया के पास कुल टेलीकम्यूनिकेशन मार्केट की 49 फीसदी हिस्सेदारी थी।

2007 के बाद से ही नोकिया के बुरे दिन शुरू हो गए। कंपनी ने iOS और एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम के बजाय सिम्बियन को ही इस्तेमाल किया। ये नोकिया की सेल में गिरावट की एक बड़ी वजह बनी। कंपनी ने मार्केट में दोबारा लौटने की खासी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुई। नतीजा ये हुआ कि 3 सितंबर 2013 को माइक्रोसॉफ्ट ने 7.2 अरब डॉलर में नोकिया को खरीद लिया।

इस सौदे के साथ ही, नोकिया के प्रमुख स्टीफन ईलॉप समेत नोकिया का 32,000 लोगों का स्टाफ माइक्रोसॉफ्ट का स्टाफ बन गया।

पृथ्वीराज कपूर का जन्म हुआ-आज ही के दिन 1906 में पाकिस्तान के पेशावर में पृथ्वीराज कपूर का जन्म हुआ था। 1927 में उन्होंने पेशावर के एडवर्ड्स कॉलेज से बीए किया और कानून की पढ़ाई के लिए लाहौर गए। यहां उनका मन फिल्म और अभिनय में ज्यादा लगने लगा। नतीजा यह हुआ कि वे 1929 में कानून की परीक्षा में फेल हो गए। उसी साल सितंबर में वह लाहौर से मुंबई (तब की बम्बई) आ गए और आर्देशर ईरानी की इम्पीरियल फिल्म कम्पनी में भर्ती हो गए।

पृथ्वीराज ने बतौर अभिनेता मूक फिल्मों से अपना करियर शुरू किया। चैलेंज नाम की एक मूक फिल्म में उन्होंने बिना कोई फीस लिए काम किया। दूसरी फिल्म सिनेमा गर्ल के लिए उन्हें 70 रुपए फीस मिली। 1931 में जब आर्देशर ईरानी ने पहली बोलती हिन्दी फिल्म “आलम आरा” बनाई तो पृथ्वीराज को इसमें खलनायक का रोल मिला।

पृथ्वीराज ने 1944 में मुंबई में पृथ्वी थिएटर की स्थापना की, जो देशभर में घूम-घूमकर नाटकों का प्रदर्शन करता था। 1972 में उनकी मृत्यु के बाद उन्हें भारतीय सिनेमा के सर्वश्रेष्ठ दादा साहब फाल्के पुरस्कार से भी नवाजा गया। पृथ्वीराज कपूर को 1969 में पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया था। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 03 सितंबर को घटित हुईं घटनाओं पर-

1650: इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के बीच डनबर की लड़ाई।
1791: फ्रांस की नेशनल एसेंबली ने फ्रांसीसी संविधान को पारित किया।
1783: अमेरिका और ब्रिटेन के बीच पेरिस की संधि के साथ युद्ध समाप्त हो गया।
1833: अमेरिका में पहली सफल समाचार पत्र ‘न्यूयार्क सन’ बेंजामिन एच डे के द्वारा शुरू किया गया।
1900 : रूसी सेना ने आमूर नदी पर नियंत्रण स्थापित किया।
1918: प्राचीन इस्लामी नगर दमिश्क़ पर ब्रिटेन की सेना का अधिकार हो गया।
1921: बेल्जियम में कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना हुई।
1923: तबला वादक पंडित किशन महाराज का जन्‍म हुआ था।
1924: चीन में गृह युद्ध की शुरुआत हुई।
1939: जर्मनी के पोलैंड पर चढ़ाई करने के दो दिन बाद ब्रिटेन-फ्रांस ने उसके खिलाफ जंग का ऐलान किया।
1939 : ब्रिटिश प्रधानमंत्री नेविले चेम्बरलिन द्वारा एक रेडियो प्रसारण पर ब्रिटेन और फ्रांस का जर्मनी के खिलाफ युद्ध की घोषणा करने के साथ ही द्वितीय विश्व युद्ध शुरू हुआ।
1943: दूसरे विश्व युद्ध के दौरान मित्र राष्ट्रों ने इटली पर हमला किया।
1943: द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान इटली ने हथियार डालने के समझौते पर हस्ताक्षर किये।
1964: अमेरिकी अटॉर्नी जनरल रॉबर्ट केनेडी ने इस्तीफा दिया।
1971: कतर स्वतंत्र राष्ट्र बना।
1984: दक्षिण अफ्रीका ने संविधान अंगीकार किया।
1984: फिलिपीन्स में आये भयानक तूफान की वजह से करीब 1300 लोगों की मौत और सैकड़ों घायल।
1998 : नेल्सन मंडेला ने गुट निरपेक्ष आंदोलन शिखर सम्मेलन में कश्मीर का मुद्दा उठाया, प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कड़ी आपत्ति जताई
2003: पाकिस्तान सरकार द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो पर देशद्रोह का मुकदमा चलाने का निर्णय।
2006: यूरोप का पहला त्रिवर्षीय चंद्र मिशन समाप्त।
2006 : भारतीय मूल के भरत जगदेव ने गुयाना के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली।
2007 : बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा जिया और उनके सबसे छोटे पुत्र अराफ़ात रहमान कोको को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ़्तार किया गया।
2008 : राजेन्द्र कुमार पचौरी संयुक्त राष्ट्र की संस्था जलवायु परिवर्तन के अन्तर सरकारी पैनल (आईपीसीसी) के दोबारा प्रमुख चुने गए।
2014: भारत और पाकिस्तान में एक साथ आई बाढ़ में दो सौ से ज्यादा लोगों की मौत।
2015: ऑस्ट्रेलिया में क्रिस नाम की एक भेड़ से 40 किलो ऊन निकाला गया। ये एक भेड़ से एक साथ सबसे ज्यादा ऊन निकालने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है।
2020: भारत और रूस ने अत्याधुनिक एके-203 रायफल भारत में बनाने के लिये एक बड़े समझौते को अंतिम रूप दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here