Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः हिटलर के नेतृत्व में करीब 15 लाख सैनिकों ने 1 सितंबर 1939 को पोलैंड पर आक्रमण कर दिया। पोलैंड की सेना ने जर्मनी का सामना तो किया, लेकिन टिक नहीं सकी और अक्टूबर तक पोलैंड पर जर्मनी का कब्जा हो गया।

पोलैंड पर जर्मनी के हमले के दो दिन बाद ही ब्रिटेन और फ्रांस ने जर्मनी पर जवाबी हमला कर दिया। इस तरह धीरे-धीरे इस युद्ध में बाकी देश भी कूदते चले गए और ये इतिहास का सबसे लंबा चलने वाला युद्ध बन गया। हम इसे दूसरे विश्वयुद्ध के नाम से जानते हैं।

हालांकि, दूसरे विश्वयुद्ध की शुरुआत का ये केवल तात्कालिक कारण था। माना जाता है कि दूसरे विश्वयुद्ध की पृष्ठभूमि पहले विश्वयुद्ध के खत्म होने के साथ ही तैयार हो गई थी।

पहले विश्वयुद्ध के बाद यूरोप में हिटलर और मुसोलिनी जैसे तानाशाह सत्ता में आए। दोनों ही राष्ट्रवाद की उग्र भावना को भड़काकर सत्ता में आए थे। पेरिस शांति सम्मेलन में इटली को कुछ खास फायदा नहीं हुआ था, इस वजह से इटली में असंतोष की भावना थी। जर्मनी में हिटलर भी इसी तरह कुछ कर रहा था।

एक दूसरी वजह, साम्राज्यवाद की भावना को भी माना जाता है | 1931 में जापान ने चीन पर आक्रमण कर दिया और मंचूरिया को अपने कब्जे में ले लिया। 1935 में इटली ने इथोपिया पर और 1938 में जर्मनी ने ऑस्ट्रिया पर हमला कर अपनी साम्राज्यवादी नीतियों का प्रदर्शन किया था।

इस तरह जर्मनी, इटली और जापान तीनों का एक गुट बन गया, जिसे धुरी राष्ट्र के नाम से जाना गया। दूसरी तरफ फ्रांस, इंग्लैंड, अमेरिका और सोवियत संघ का अलग गुट बना, जिसे मित्र राष्ट्र के नाम से जाना गया।

धीरे-धीरे इस युद्ध का दायरा फैलता गया और 60 से भी ज्यादा देश इसमें शामिल हो गए। 6 साल तक ये युद्ध चलता रहा। मरने वालों की कोई गिनती नहीं है, लेकिन माना जाता है कि इस युद्ध में 7 करोड़ से भी ज्यादा लोग मारे गए और लाखों लोग बेघर हो गए। 6 साल बाद जापान पर परमाणु हमले के बाद इस युद्ध का अंत हुआ। ये इतिहास का सबसे विनाशकारी युद्ध साबित हुआ।

साल 1818 में भारत में पहली बीमा कंपनी स्थापित हुई। इसका नाम था- ओरिएंटल लाइफ इंश्योरेंस कलकत्ता। उस समय ये कंपनी भारतीयों का बीमा नहीं करती थी। बाद में इस कंपनी ने भारतीयों का बीमा करने की शुरुआत की, लेकिन भारतीयों से ज्यादा प्रीमियम रेट वसूला जाता था। 1870 में बॉम्बे म्यूचुअल लाइफ एश्योरेंस सोसायटी की स्थापना हुई।

स्वदेशी आंदोलन के बाद देश में इंश्योरेंस कंपनियों की संख्या बढ़ती गई। 1938 तक भारत में 176 बीमा कंपनियां थीं जिनका सालाना कारोबार करीब 300 करोड़ रुपए का था। धीरे-धीरे इन कंपनियों के राष्ट्रीयकरण की मांग बढ़ने लगी।

जनवरी 1956 में भारत सरकार ने उस समय देश में कारोबार कर रही 245 बीमा कंपनियों का राष्ट्रीयकरण किया, लेकिन अभी तक ये कंपनियां एक संगठन के तले काम नहीं कर रही थीं। 19 जून 1956 को भारत सरकार ने एलआईसी एक्ट पारित किया। इसी एक्ट के तहत 1 सितंबर 1956 को जीवन बीमा निगम, यानी एलआईसी बनी।

आज देशभर में LIC के 2 हजार से भी ज्यादा ऑफिस हैं। 10 लाख से ज्यादा एजेंट वाली एलआईसी की देश के बीमा कारोबार में 77% हिस्सेदारी है।

फिल्म ‘मसान’ का एक गाना बहुत प्रसिद्ध हुआ था। गाने के बोल थे – “तू किसी रेल-सी गुजरती है, मैं किसी पुल-सा थरथराता हूं।” इस गीत को लिखने वाले मशहूर कवि दुष्यंत कुमार का आज जन्मदिन हैं। 1 सितंबर 1933 को उत्तरप्रदेश के बिजनौर में उनका जन्म हुआ था।

दुष्यंत कुमार ने न सिर्फ प्रेम पर अपनी कलम चलाई बल्कि क्रांतिकारी अंदाज में कहा- “कैसे आकाश में सूराख़ हो नहीं सकता, एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारो’।

दुष्यंत कुमार या दुष्यंत कुमार त्यागी शुरुआत में दुष्यंत कुमार परदेशी नाम से लिखा करते थे। भोपाल उनकी कर्मभूमि रही। वे आपातकाल में संस्कृति विभाग में काम करते हुए भी सरकार के खिलाफ लिखते रहे, जिसका खामियाजा भी उन्हें उठाना पड़ा। सिर्फ 42 साल की उम्र में हार्ट अटैक की वजह से उनका निधन हो गया। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया 01 सितंबर को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर-

1807: अमेरिका के पूर्व उपराष्ट्रपति आरोन बर्र राजद्रोह के मामले में निर्दोष पाये गये।
1878: एम्मा एम नट्ट अमेरिका में पहली महिला टेलीफोन ऑपरेटर बनीं।
1923: ग्रेट कैंटो भूकंप ने जापान के टोक्यो और योकोहामा में भयंकर तबाही मचायी।
1939: जर्मनी का पोलैंड पर आक्रमण करने के साथ ही द्वितीय विश्व युद्ध की शुरुआत हुई।
1947: भारतीय मानक समय को अपनाया गया।
1956: भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की स्थापना हुई।
1956: राज्यों के पुनर्गठन के बाद त्रिपुरा केन्द्रशासित प्रदेश बना।
1962: महाराष्ट्र के कोल्हापुर में शिवाजी विश्वविद्यालय की स्थापना।
1964: इंडियन ऑयल रिफ़ाइनरी और इंडियन ऑयल कम्पनी को विलय कर इंडियन ऑयल कॉपरेशन बनाई गयी।
1972: मिस्र और लीबिया ने फेडरेशन बनाया।
1994: उत्तरी आयरलैंड में आयरिन रिपब्लिकन आर्मी ने युद्ध विराम लागू किया।
1997: साहित्यकार महाश्वेता देवी और पर्यावरणविद एम सी मेहता को रेमन मैग्सेसे पुरस्कार प्रदान किया गया।
1998: विक्टर चेर्नोमीर्दिन पुन: रूस के नये प्रधानमंत्री नियुक्त।
2000: चीन ने तिब्बत होते हुए नेपाल जाने वाले अपने एकमात्र रास्ते को बंद किया।
2004: पाकिस्तान के मानवाधिकार विशेषज्ञ मेहर खान विलियम्स को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग ने उप उच्चायुक्त नियुक्त किया।
2005: सद्दाम हुसैन ने सशर्त रिहाई की अमेरिकी पेशकश ठुकराई।
2007: फिजी के अपदस्थ प्रधानमंत्री लाइसेनिया करासे नौ महीने बाद राजधानी सुवा लौटे।
2008: तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदम्बरम ने डी. सुब्बाराव की भारतीय रिजर्व बैंक के 22वें गर्वनर के रूप में नियुक्ति की घोषणा की।
2008: यूनियन बैंक ऑफ़ इण्डिया ने अपना लोगो बदला।
2009: वायस एडमिरल निर्मल कुमार वर्मा को भारतीय नौसेना का प्रमुख नियुक्त किया गया।
2014: बिहार में नालंदा यूनिवर्सिटी को दोबारा शुरू किया गया।
2019: ट्वीटर के सीईओ और को-फाउंडर जैक डोर्सी का ट्वीटर अकाउंट हैक हो गया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here