Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः 19वीं सदी के शुरुआत के 70 साल के दौरान दुनियाभर में बड़े पैमाने पर युद्ध लड़े गए। साल 1861 में अमेरिकन सिविल वॉर की शुरुआत हो चुकी थी। इस वॉर में लाखों लोग मारे गए। इससे पहले वाटरलू, क्रीमिया और यूरोप के कई देशों में युद्ध हुए। इनमें लाखों लोगों की मौत हुई। उस दौरान युद्ध के दौरान और जीत के बाद भी दुश्मन देश एक-दूसरे के खिलाफ अमानवीय बर्ताव करते थे। इन बर्तावों को रोकने के लिए न तो कोई कानून था और न देशों के बीच कोई संधि थी।

युद्ध के दौरान हो रहे इन अमानवीय अत्याचारों के गवाहों में एक एक्टिविस्ट हेनरी डुनेंट भी थे। 1859 में हेनरी ने इटली के सोलफिरेनो में हुए युद्ध में इस भयावहता को देखा था। इस युद्ध में 40 हजार सैनिक मारे गए थे, इनमें से कई तड़प-तड़पकर मर गए और उन्हें कोई मेडिकल सहायता नहीं मिली। हेनरी ने युद्ध के समय घायलों की मदद करने और अमानवीय व्यवहार रोकने के लिए देशों के बीच एक संधि की जरूरत पर जोर दिया।

22 अगस्त 1864 को 12 देशों के बीच युद्ध क्षेत्र में घायल सैनिकों की स्थिति में सुधार के लिए जिनेवा के एक होटल में एक संधि पर हस्ताक्षर किए गए, जिसे पहला जिनेवा कन्वेंशन कहा जाता है। इस तरह से 22 अगस्त 1864 को ही इंटरनेशनल रेड क्रॉस सोसायटी की आधिकारिक स्थापना हुई।

आपको बता दें कि हेनरी डुनेंट स्विट्जरलैंड के थे,  इसलिए उनके सम्मान में रेड क्रॉस सोसायटी के झंडे को स्विट्जरलैंड के झंडे के रंग को उलटकर बनाया गया। स्विट्जरलैंड के झंडे में लाल बैकग्राउंड पर सफेद रंग का क्रॉस है। रेड क्रॉस के झंडे को सफेद बैकग्राउंड पर लाल रंग के क्रॉस से बनाया गया।

इस झंडे का इस्तेमाल युद्ध के दौरान मेडिकल सहायता देने वाले करते हैं। युद्ध मैदान में कहीं भी इस झंडे को देखकर दुश्मन देश समझ जाता है कि यहां मेडिकल कैंप है।

अपनी स्थापना के बाद से ही रेड क्रॉस अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत युद्ध में घायल सैनिकों, आम लोगों और युद्धबंदियों के अधिकारों के संरक्षण की कोशिश करता है।

शांति के प्रयासों के लिए 1901 में हेनरी डुनेंट को फ्रेडरिक पैसी के साथ पहला नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया। 1917 और 1944 में विश्वयुद्ध के दौरान किए गए अपने मानवीय प्रयासों की वजह से रेड क्रॉस को नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

आज तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई का 382वां स्थापना दिवस है। 22 अगस्त 1639 को ईस्ट इंडिया कंपनी के फ्रांसिस डे ने विजयनगर के राजा वेंकट राय से कोरोमंडल तट के पास करीब 3 किलोमीटर की जमीन को लीज पर लिया था। इसी जगह पर अंग्रेजों ने सेंट जॉर्ज फोर्ट बनवाया था, जो फिलहाल तमिलनाडु का विधानसभा भवन है। इसे भारत में अंग्रेजों द्वारा निर्मित पहला किला भी कहा जाता है।

उस समय मद्रास में कॉटन बुनाई का खूब काम होता था। अंग्रेजों ने इस फोर्ट के आसपास स्थानीय बुनकरों को बसाने का काम शुरू किया। 1801 तक मद्रास ब्रिटिशर्स की आर्थिक और प्रशासनिक राजधानी बन गई थी। 17 जुलाई 1996 को मद्रास का नाम बदलकर चेन्नई कर दिया गया।

हालांकि, ये आधुनिक मद्रास की स्थापना थी, लेकिन मद्रास शहर का इतिहास सदियों पुराना है। मद्रास को पहले मद्रासपटनम कहा जाता था। यहां चोला, पल्लव और पंड्या राजाओं का शासन रहा था। 1522 में यहां पुर्तगाली आए जिन्होंने एक पोर्ट बनाया और इसे साओ टोम नाम दिया गया।

1612 में यहां डच लोग आए जिन्होंने चेन्नई के उत्तर में पुलिकट में अपना बेस बनाया। डच लोगों के बाद ईस्ट इंडिया कंपनी ने मद्रास को अपनी आर्थिक और प्रशासनिक राजधानी बनाया।

अब बात एक और महत्वपूर्ण घटना की करते हैं। BBC ने 22 अगस्त 1932 को पहली बार एक्सपेरिमेंटल टीवी प्रोग्राम को ब्रॉडकास्ट किया था। इस पूरे सिस्टम को इलेक्ट्रिकल इंजीनियर जॉन लॉगी बेयर्ड ने डिजाइन किया था। इस प्रोग्राम में बेयर्ड खुद भी स्क्रीन पर आए थे। ये तो पता नहीं कि कितने दर्शक इस प्रोग्राम को देख रहे थे, लेकिन दर्शकों के लिए जू-जित्सु, पेंटिंग और सी-लॉयन भी स्क्रिन पर दिखाए गए थे। इस प्रोग्राम में बेयर्ड ने बीबीसी को धन्यवाद देते हुए कहा कि ये अब तक का सबसे बढ़िया टीवी ब्रॉडकास्ट है।

हालांकि बेयर्ड के इस ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम को बीबीसी ने जल्द ही इस्तेमाल करना बंद कर दिया। 1936 में बीबीसी ने इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम से ब्रॉडकास्टिंग की शुरुआत की। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया के इतिहास में 22 अगस्त को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर-

1320 – दिल्ली के सुल्तान नसीरूद्दीन खुसरो को गाजी मलिक ने हराया।
1627 – फ्रांस के कैथोलिक और प्रोटेस्टेन्ट ईसाइयों के बीच हुआ अंतिम युद्ध।
1639 – दक्षिण भारत के शहर चेन्नई (तत्कालीन मद्रास) से ही ईस्ट इंडिया कंपनी ने भारत में अपने विस्तार की नींव रखी।
1698 – रूस, डेनमार्क और पोलैंड के बीच त्रिकोणीय संधि हुई जो स्वीडन के विरोध में थी।
1762 – एन. फ्रेंकलिन अमेरिकी अखबार न्यूपोर्ट आर आई, मर्करी की पहली महिला संपादक बनी।
1818 – भारत के प्रथम गवर्नर जनरल वॉरेन हेस्टिंग का निधन।
1848 – अमेरिका ने न्यू मैक्सिको पर कब्जा किया।
1849 – इतिहास का पहला हवाई हमला- ऑस्ट्रिया ने इटली के शहर वेनिस में चालक रहित गुब्बारों से हमला किया।
1851 – ऑस्ट्रेलिया में सोने की खानों के इलाके की खोज हुई।
1865- लिक्विड सोप के लिए विलियम शेपार्ड को पेटेंट मिला।
1904 – चीनी नेता डेंग जियाओ पिंग का जन्म।
1910 – जापान ने पांच साल तक कोरिया का संरक्षण करने के बाद उस पर कब्जा किया।
1914 – ब्रिटिश और जर्मन सैनिकों के बीच बेल्जियम में पहली मुठभेड़ हुई।
1918 – भारत के पहले प्रवीण पायलट इन्द्रलाल राय प्रथम विश्वयुद्ध के दौरान लंदन में जर्मनी के साथ हवाई लड़ाई में मारे गए।
1921 – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने विदेशी वस्त्रों की होली जलाकर स्वदेशी का नारा बुलंद किया था।
1922 – जनरल माइकल कोलिन्स की पश्चिम कॉर्क में हत्या कर दी गई।
1924 – प्रसिद्ध हिंदी लेखक हरिशंकर परसाई का जन्म।
1955 – तेलुगु फिल्मों के जाने-माने अभिनेता और राजनीतिज्ञ चिरंजीवी का जन्म।
1962 – विश्व के पहले परमाणु सम्पन्न समुद्री जहाज़ ने वर्जीनिया से जॉर्जिया तक की यात्रा पूरी की।
1963- अमेरिकी एयरफोर्स के जोसेफ वॉकर हायपरसोनिक रॉकेट X-15 से अंतरिक्ष की उड़ान भरी। इसी के साथ जोसेफ दो बार अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले पहले शख्स बन गए।
1969 – अमेरिका में समुद्री तूफान आने से 255 लोगों की मौत हुई।
1978 – केन्या के पहले राष्ट्रपति जोमो केन्याता का 83 साल की उम्र में निधन।
1979 – भारत के राष्ट्रपति नीलम संजीवा रेड्डी ने लोकसभा भंग कर राजनीतिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिये साल के अंत तक आम चुनाव कराने का आदेश दिया।
1996 – तमिलनाडु सरकार ने मद्रास का नाम बदलकर चेन्नई किया।
1999 – अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन द्वारा समान कार्य के लिए समान पारिश्रमिक की कार्य योजना लागू हुई।
2007- अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की मरम्मत के लिए दो सप्ताह के मिशन पर गया अंतरिक्ष यान एंडेवर फ़्लोरिडा में कैनेडी स्पेस सेंटर पर सुरक्षित उतरा।
2007- मिस्र के पुरातत्त्वविदों ने पश्चिम रेगिस्तान के सिवा क्षेत्र में लगभग 20 लाख साल पुराने मानव पद-चिह्नों का पता लगाया।
2009 – 21वीं सदी का सबसे लंबा पूर्ण सूर्यग्रहण भारत में दिखाई दिया।
2010 – चिली की खान में ढाई महीने तक फंसे रहने के बाद मजदूरों को बाहर निकाला गया। उनके जमीन के अंदर जिंदा होने के प्रमाण 22 अगस्त को ही मिला था।
2012 – प्रणव मुखर्जी भारत के 13वें राष्ट्रपति निर्वाचित हुए।
2012 – सीरिया के गृहयुद्ध में 47 लोग मारे गए।
2013 – ब्रिटेन के राजकुमार विलियम और केट मिडिलटन के पहले बच्चे प्रिंस जॉर्ज का जन्म।
2017- सुप्रीम कोर्ट ने तीन तलाक को गैरकानूनी ठहराया।
2018 – राही सरनोबत 25 मीटर पिस्टल निशानेबाजी में स्वर्णिम सफलता हासिल कर, एशियाई खेलों की निशानेबाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here