मुंबईः ईडी (ED) यानी प्रवर्तन निदेशालय  ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में शिवसेना के सांसद संजय राउत को देर रात 12 बजे गिरफ्तार किया। ईडी आज सुबह साढ़े ग्यारह बजे संजय राउत PMLA कोर्ट में पेश करेगी। आपको बता दें कि महाराष्ट्र के पात्रा चॉल जमीन घोटाले में आरोपी संजय राउतर के घर ईडी के अधिकारी बुधवार सुबह पहुंचे थे और करीब नौ घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया था। ईडी अधिकारी राउत को लेकर अपने दफ्तर पहुंचे, जहां पर साढ़े छह घंटे की पूछताछ के बाद राज्यसभा सांसद संजय राउत को गिरफ्तार कर लिया। राउत रविवार को शाम 5.30 बजे ईडी दफ्तर पहुंचे थे।

राउत की गिरफ्तारी के बाद उनके भाई सुनील राउत ने कहा कि गलत तरीके से उन्हें गिरफ्तार किया गया है। हमें गिरफ्तारी के संबंध में कोई कागज नहीं दिया गया है। बीजेपी संजय राउत से डरती है, इसलिए गिरफ्तारी करवाई गई है।

उधर, संजय राउत की गिरफ्तारी के विरोध में पुणे, पिंपरी चिंचवाड़, नागपुर और जलगांव में शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया है। पुणे और पिंपरी चिंचवाड़ में कइयों को हिरासत में लिया गया है। उद्धव ठाकरे ने पार्टी के पदाधिकारियों और नेताओं की मातोश्री पर एक बैठक बुलाई है।

आपको बता दें कि यह मामला मुंबई के गोरेगांव इलाके में पात्रा चॉल से जुड़ा है। यह महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवेलपमेंट अथॉरिटी का भूखंड है। इसमें करीब 1034 करोड़ का घोटाला होने का आरोप है। इस केस में प्रवीण राउत की नौ करोड़ रुपए और राउत की पत्नी वर्षा की दो करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त हो चुकी है।

आरोप है कि रीयल एस्टेट कारोबारी प्रवीण राउत ने पात्रा चॉल में रह रहे लोगों से धोखा किया। एक कंस्ट्रक्शन कंपनी को इस भूखंड पर 3000 फ्लैट बनाने का काम मिला था। इनमें से 672 फ्लैट पहले से यहां रहने वालों को देने थे। शेष MHADA और उक्त कंपनी को दिए जाने थे, लेकिन साल 2011 में इस विशाल भूखंड के कुछ हिस्सों को दूसरे बिल्डरों को बेच दिया गया था।

साल 2020 में महाराष्ट्र में सामने आए PMC बैंक घोटाले की जांच हो रही थी, तभी प्रवीण राउत की कंस्ट्रक्शन कंपनी का नाम सामने आया था। तब पता चला कि बिल्डर की पत्नी के बैंक खाते से संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत को 55 लाख रुपए का कर्ज दिया गया था। ईडी  की टीम इसी बात की जांच कर रही है कि ये ट्रांजेक्शन क्यों किया गया। आरोप है कि संजय राउत ने इसी पैसों से दादर में एक फ्लैट खरीदा था। प्रवीण राउत गुरु आशीष कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के पूर्व निदेशक हैं।

पात्रा चॉल केस में संजय राउत पर आरोप लगाने वालीं मराठी फिल्म प्रोड्यूसर स्वप्ना पाटकर को मुंबई पुलिस सुरक्षा देगी। स्वप्ना का आरोप है कि उसे पत्र प्राप्त मिला है, जिसमें पात्रा चॉल मामले में संजय राउत के खिलाफ अपना बयान वापस लेने के लिए दबाव डाला गया है। पुलिस इस केस में FIR भी कर सकती है।

अब चलिए आपको संजय राउत के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को लेकर कुछ अहम बयान बताते हैं-

उद्धव ठाकरे – महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि यह सारी कारस्तानी सारी लाज शर्म छोड़कर निर्लज्जता से चली रही है। ये दमन शाही नीति है। हिंदुत्व को लेकर अगर किसी में बोलने की हिम्मत थी तो वो बाल साहब ठाकरे ही एक मर्द थे।

संजय राउत – शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि मैं किसी घोटाले में शामिल नहीं हूं। ईडी ने गलत सूचना के आधार पर कार्रवाई की है। दिवंगत बालासाहेब ठाकरे की सौगंध खाता हूं कि मेरा किसी घोटाले से कोई संबंध नहीं है। मैं मर जाऊंगा, लेकिन न सरेंडर करूंगा, न ही शिवसेना छोडूंगा। झुकूंगा नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here