Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वॉर्न ने 29 साल पहले आज ही के दिन इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में एशेज सीरीज के दौरान ‘बॉल ऑफ द सेंचुरी’ डाली थी। इस टेस्ट मैच में वॉर्न ने इंग्लैंड के बल्लेबाज माइक गैटिंग की गिल्लियां बिखेर कर रख दी थीं।

4 जून 1993 को इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज का मैच चल रहा था। इस मैच से पहले तक शेन वॉर्न की पहचान एक एवरेज स्पिनर के तौर पर खेल जगत थी, लेकिन साल एशेज के शुरुआती मुकाबले में शेन वॉर्न ने एक ऐसी गेंद डाली, जिसे देखकर दुनिया दंग रह गई।

इस गेंद के बाद से ही वॉर्न की गिनती चोटी के स्पिनर्स में होने लगी। कहा जाता है कि शेन वॉर्न की ये गेंद 90 डिग्री तक घूमी थी। लिहाजा इसे बॉल ऑफ द सेंचुरी का दर्जा दिया गया। उस समय शेन वॉर्न की उम्र 23 साल थी। वॉर्न जैसी गेंद किसी गेंदबाज ने आज तक नहीं डाली।

ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर शेन वॉर्न ने टेस्ट क्रिकेट में 708 विकेट अपने नाम किए। हर विकेट की अलग कहानी है। हालांकि, इन सबमें ‘बॉल ऑफ द सेंचुरी’ की वजह से क्रिकेट के इतिहास में वॉर्न का नाम दर्ज है।

स्पिन के सबसे बड़े जादूगर शेन वॉर्न इस साल हमारे बीच नहीं रहे। यह बात फैंस अब तक स्वीकार नहीं कर पाए हैं। उन्होंने क्रिकेट फील्ड पर इतने कारनामे किए, शायद ही सदियों तक उन्हें भूला जा सकेगा।

शेन वॉर्न ने एशेज सीरीज में अपने पहले ही ओवर में यह करिश्माई गेंद फेंकी थी, जिसकी चर्चा आज तक होती है। सीरीज के पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम पहली पारी में 289 रन पर ऑल आउट हो गई थी।

वहीं, इंग्लैंड की टीम से ओपनिंग करने के लिए ग्राहम गूच और माइक आर्थटन आए। दोनों की जोड़ी ने 71 रन बनाए और इसके बाद आर्थटन आउट हो गए। आर्थटन के आउट होने के बाद माइक गैटिंग बल्लेबाजी करने के लिए आए थे। शेन वॉर्न को ओवर डालने के लिए कहा गया। इस मैच में वॉर्न का यह पहला ओवर था।

शेन वॉर्न ने माइक गैटिंग को फ्लाइटेड गेंद फेंकी, जो लेग स्टम्प के बाहर गिरी। सभी को लगा कि बॉल लेग स्टम्प के बाहर निकल जाएगी, लेकिन गेंद ऑफ स्टम्प पर लगी। इसे देखकर सभी आश्चर्यचकित रह गए। बाद में इस गेंद को सदी की सबसे महान गेंद का खिताब दिया गया।

आपको बता दें कि शेन वॉर्न ने अपना टेस्ट डेब्यू वर्ष 1992 में सिडनी में भारत के खिलाफ किया था। हालांकि पहले टेस्ट में शेन वॉर्न कुछ कमाल नहीं दिखा पाए थे। उन्हें इस टेस्ट मैच में सिर्फ एक विकेट मिल सका था।

वहीं एशेज सीरीज में डेब्यू करने से पहले शेन वॉर्न के नाम 11 टेस्ट में 32 विकेट दर्ज दर्ज थे।1992 के बॉक्सिंग डे टेस्ट में वॉर्न ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में 52 रन देकर 7 विकेट लिए थे। एशेज सीरीज में वॉर्न ने शानदार प्रदर्शन किया था। इस सीरीज में उन्होंने 5 टेस्ट में 29 विकेट लिए थे।
गैटिंग का कहना है कि उन्हें भी यह लम्हा हमेशा याद रहेगा क्योंकि वे भी इस बॉल के जरिए इतिहास का हिस्सा बन गए।

वहीं, शेन वॉर्न ने कहा था कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह ऐसी गेंद भी फेंक सकते हैं। वॉर्न का कहना था कि वे बस लेग ब्रेक कराने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन गेंद 90 डिग्री तक घूम गई जो कि एक अजूबा था।
शेन वॉर्न ने आगे बताया था, ‘बॉल ऑफ द सेंचुरी’ बिल्कुल वैसी ही गेंद थी, जो सभी लेग स्पिन गेंदबाज डालने की कोशिश करते हैं। इस गेंद ने मैदान के अंदर और बाहर की मेरी जिंदगी बदल कर रख दी। मुझे बहुत गर्व है कि मैंने ‘बॉल ऑफ द सेंचुरी’ डाली थी।’

वॉर्न को खुशी इसलिए और भी अधिक थी, क्योंकि गैटिंग इंग्लिश टीम में स्पिन खेलने वाले सबसे माहिर खिलाड़ी थे। शेन वॉर्न ने ‘बॉल ऑफ द सेंचुरी’ को अपनी लाइफ का सबसे खास पल भी बताया था। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 04 जून को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर-

1039: हेनरी तृतीय रोम का सम्राट बने।
1896: हेनरी फॉर्ड ने अमेरिका के डेट्रॉइट शहर में अपना पहला मॉडल परीक्षण के लिए उतारा।
1919: अमेरिकी नौसेना ने कोस्टारिका पर हमला किया।
1928: चीन के राष्ट्रपति हांग जोलिन की जापानी एजेंट ने हत्या की।
1929: जॉर्ज ईस्टमेन ने पहली रंगीन फिल्म का नमूना पेश किया।
1936: हिंदी सिनेमा की जानी मानी अभिनेत्री नूतन का जन्म। उन्हें बंदिनी, सुजाता, अनाड़ी सहित अनेक फिल्मों में उनकी सदाबहार अदाकारी के लिए जाना जाता है।
1940: द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जर्मनी की सेना ने फ्रांस की राजधानी पेरिस में प्रवेश किया।
1944: अमेरिकी सेना ने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान रोम में प्रवेश किया।
1959: सी राजगोपालाचारी ने स्वतंत्र पार्टी बनाने की घोषणा की।
1964: मालदीव ने संविधान का निर्माण किया।
1970: ब्रिटेन से अलग होकर टोंगा एक स्वतंत्र देश बना।
1975: अमेरिकी अभिनेत्री एंजेलिना जोली का जन्म।
1982: इस्राइल ने दक्षिण लेबनान पर हमला किया।
1989: चीन की राजधानी बीजिंग में थ्येनआनमन चौक पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे नागरिकों पर सैन्य कार्रवाई।
1991: द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली गैर साम्यवादी सरकार यूरोपीय देश अल्बानिया में बनी।
1997: दूरसंचार उपग्रह 2डी कक्ष में पहुंचा।
2001: नेपाल नरेश दीपेन्द्र का अस्पताल में निधन। वीर बिक्रम शाह ने नेपाल के सम्राट का पद संभाला।
2003: डोमिनिक गणराज्य की 18 वर्षीय सुंदरी एमीलिया वेगा मिस यूनिवर्स-2003 बनीं।
2006: यूगोस्लाविया के पूर्व गणराज्य मोंटेनेग्रो ने स्वतंत्रता की घोषणा की।
2015: घाना में एक पेट्रोल पंप पर लगी आग में 200 से अधिक लोगों की मौत।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here