Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः 2014 में आज ही के दिन यानी 02 जून 2014 को तेलंगाना देश का 29वां राज्य बना था। यानी तेलंगाना की आंध्र प्रदेश से अलग करके उसे अलग राज्य का दर्जा दिए जाने की 50 साल पुरानी मांग आज ही के दिन 8 साल पहले पूरी हुई थी। आपको बता दें कि एक नवंबर 1956 में राज्य पुनर्गठन आयोग की सिफारिशों के तहत तब के हैदराबाद यानी तेलंगाना प्रांत का भाषाई आधार पर आंध्र प्रदेश में विलय कर दिया गया था।

राज्य का ये हिस्सा अन्य हिस्सों की तुलना में आर्थिक, शैक्षणिक एवं अन्य सभी स्तरों पर पिछड़ा हुआ था। इससे कुछ ही समय बाद तेलंगाना को अलग राज्य बनाने की मांग उठने लगी।

आंध्र प्रदेश के रूप में नया राज्य बनने के महज 13 सालों बाद यानी 1969 में इसके लिए पहला बड़ा आंदोलन हुआ। तब से लगातार तेलंगाना को अलग राज्य बनाने की मांग को लेकर 2013 तक आंदोलन चलते रहे। आखिरकार 50 सालों से ज्यादा समय तक चले संघर्ष के बाद 2014 में तेलंगाना नया राज्य बना। नए राज्य के गठन के लिए 2009 में भूख हड़ताल करने वाले के चंद्रशेखर राव यानी केसीआर (KCR) राज्य के पहले मुख्यमंत्री चुने गए और अब भी वे ही राज्य के मुख्यमंत्री हैं।

साल 1969 में तेलंगाना को अलग राज्य बनाने की मांग को लेकर पहली बार आंदोलन होने के बाद 1972 और 2009 में भी बड़े आंदोलन हुए। 1969 में तो ‘जय तेलंगाना’ आंदोलन हिंसक हो उठा था और करीब 300 लोगों की मौत हो गई थी। उस समय ये आंदोलन शांत तो गया था लेकिन कोई समझौता नहीं हो पाया था। अलग राज्य की मांग धीरे-धीरे जोर पकड़ती गई।

इसके बाद 1972 में ‘जय आंध्र’ आंदोलन शुरू हुआ। 1998 के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने ‘एक मत, दो राज्य’ का नारा देकर अलग तेलंगाना राज्य की मांग का समर्थन किया। साल 2001 में के. चंद्रशेखर राव ने तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) की स्थापना की। पार्टी के नाम से ही स्पष्ट है कि वह अलग राज्य बनाने के लिए सबसे मुखर थी।

साल 2009 के लोकसभा चुनावों तक तेलंगाना को लेकर राजनीतिक सक्रियता बढ़ गई थी। बीजेपी ने घोषणा कर दी थी कि अगर वह सत्ता में आई तो तेलंगाना को अलग राज्य बनाएगी। इस बीच सितंबर 2009 में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई. एस. राजशेखर रेड्डी की हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई। इससे आंध्र प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता का माहौल पैदा हो गया।।

29 नवंबर को केसीआर ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। जैसे-जैसे केसीआर की भूख हड़ताल आगे बढ़ी, तेलंगाना को अलग राज्य बनाने की मांग का आंदोलन तेज होता गया।राजनीतिक दलों के साथ-साथ छात्रों, कर्मचारी और सामाजिक संगठन भी इस आंदोलन से जुड़ गए। तब 11 दिन बाद केंद्र सरकार ने तेलंगाना राज्य के गठन के लिए प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन देते हुए केसीआर की भूख हड़ताल खत्म करवाई।

फरवरी 2010 में केंद्र सरकार ने जस्टिस श्रीकृष्ण के नेतृत्व में 5 सदस्यों की एक कमेटी बनाई। दिसंबर 2010 में कमेटी ने रिपोर्ट सरकार को सौंपी। इस दौरान तेलंगाना को लेकर प्रदर्शन होते रहे। 2014 के लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस कमजोर हो चुकी थी। नरेंद्र मोदी भी राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी चुनौती बनकर उभर रहे थे।

तब 3 अक्टूबर 2013 को केंद्र सरकार ने तेलंगाना के गठन को मंजूरी दी। 2 जून को राज्य ने औपचारिक रूप से आकार लिया और चंद्रशेखर राव राज्य के पहले मुख्यमंत्री बने। तेलंगाना बनने के बावजूद हैदराबाद शहर को लेकर दोनों राज्यों में खींचतान चलती रही। लेकिन केंद्र ने जस्टिस श्रीकृष्ण समिति की सिफारिश पर हैदराबाद को 10 साल के लिए दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी घोषित कर दिया। 2015 में अमरावती को हैदराबाद की नई राजधानी बनने का फैसला किया गया। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 02 जून को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं परः

1780 – कैथोलिक विरोधी प्रदर्शनकारियों ने लंदन में पार्लियामेंट पर हमला किया।
1818- ब्रिटिश सेना ने बॉम्बे में मराठा गठबंधन सेनाओं को परास्त किया।
1851 – अमेरिका में पहली बार मैन प्रांत में मद्यपान निषेध कानून लागू किया गया।
188-: मारकोनी ने रेडियो के पेटेंट के लिए आवेदन दिया।
1896 – जी मार्कोनी ने रेडियो को अपने नाम पर पेटेंट कराने के लिए आवेदन दिया जो बाद में दो जुलाई 1897 को स्वीकार कर लिया गया।
1898- डॉ. पॉल-लुइस साइमंड ने पता लगाया कि बॉम्बे में फैले प्लेग का कारण चूहे, मक्खियां हैं।
1908 – माणिकटोला बम कांड के मामले में श्री अरविंदो को गिरफ्तार किया गया।
1909 – एलफ्रेड डेकिन लगातार तीसरी बार ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री चुने गए।
1947 – लार्ड लुई माउंटबेटन ने भारत के विभाजन की घोषणा की।
1953- ब्रिटिश राजगद्दी पर महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय की ताजपोशी।
1966 – अमेरिका ने अपने पहले ही प्रयास में चंद्रमा पर अंतरिक्षयान उतारा।
1972- नेवादा में यूनाइटेड एयरलाइंस के विमान को एक व्यक्ति ने हाईजैक किया। बंधकों को छोड़ने के लिए अपहरणकर्ता ने 2 लाख डॉलर की फिरौती मांगी।
1974 – अफ्रीकी देश माली में संविधान अंगीकार किया गया।
1979- पोप का ओहदा संभालने के बाद पोप जॉन पॉल द्वितीय पहली बार अपनी मातृभूमि पोलैंड लौटे। यह किसी भी सर्वोच्च रोमन कैथोलिक धार्मिक गुरू की पहली पोलैंड यात्रा थी।
1983 – अमेरिका के सिनसिनाटी में एयर कनाडा के डीसी-9 विमान में आग लगने से 23 लोगों की मौत ।
1988 – बॉलीवुड के महान अभिनेता, निर्देशक, निर्माता एवं शोमैन राज कपूर का निधन।
1994 – उत्तरी स्कॉटलैंड में चिनूक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से 29 लोगों की मौत।
1996- उक्रेन अपने अंतिम परमाणु युद्धास्त्र रूस को सौंपने के साथ ही परमाणु मुक्त देश बना।
2000- पाकिस्तान की एक जवाबदेही अदालत ने नवाज शरीफ़ के आजीवन कारावास को मृत्युदंड में बदलने संबंधी याचिका स्वीकार की।
2003- म्यांमार की जनतांत्रिक नेता आन सांग सू ची की गिरफ़्तारी के बाद देश की सभी शिक्षण संस्थाएं बंद।
2006- अमेरिका ने दाऊद इब्राहीम तथा उसके संगठन पर प्रतिबंध लगा।
2009- नवंबर 2008 के मुंबई हमला मामले में पाकिस्तानी कोर्ट ने आतंकी संगठन लश्कर के संस्थापक हाफिज मोहम्मद सईद को रिहा किया।
2012 – मिस्र के पूर्व राष्ट्रपति होस्नी मुबारक को वर्ष 2011 में प्रदर्शनकारियों की हत्या करने के मामले में दोषी पाए जाने के बाद आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।
2014 – तेलंगाना आधिकारिक रूप से भारत का 29वां राज्य बना।

 

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here