Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः आज ही के दिन 2005 में दुनिया के सबसे बड़े यात्री जहाज एयरबस A-380 ने अपनी पहली उड़ान भरी थी। उस समय से अब तक ये जहाज 19 करोड़ से भी ज्यादा लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचा चुका है। इस विमान में 469 यात्री एक साथ सफर कर सकते हैं। एयरबस के मुताबिक यदि सभी सीटें इकोनॉमी क्लास की हों तो इसमें 853 लोग एक साथ सफर कर सकते हैं।

A-380 ने अपनी पहली उड़ान टुलुज (फ्रांस) के ब्लैग्नेक हवाई अड्डे से स्थानीय समय सुबह 10 बजकर 29 मिनट पर भरी थी। पायलट क्लाउड लैली और जैक्स रोसे ने विमान को उड़ाया। इनके साथ क्रू में 4 अन्य सदस्य थे। 3 घंटे 54 मिनट की उड़ान के बाद विमान को उसी एयरपोर्ट पर सफलतापूर्वक लैंड कराया गया। इस सफल उड़ान के बाद विमान का उपयोग एयरलाइंस द्वारा किया जाने लगा। 25 अक्टूबर 2007 को सिंगापुर एयरलाइंस ने पहली बार यात्री विमान के तौर पर A-380 का इस्तेमाल किया। A-380 विमान सिंगापुर से सिडनी के लिए रवाना हुआ, जिसे फ्लाइट नंबर SQ380 दिया गया।

A-380 की साइज और इससे भारतीय विमान कंपनियों को होने वाले नुकसान को देखते हुए इसे भारत में ऑपरेशन की इजाजत नहीं दी गई थी, लेकिन 2014 में केंद्र सरकार ने देश के 4 बड़े एयरपोर्ट पर A-380 को उतारने और उड़ान भरने की इजाजत दी। ये एयरपोर्ट थे- दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद। इसके बाद पहली बार 30 मई 2014 को दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 पर A-380 की लैंडिंग हुई।

एयरबस ने 14 फरवरी 2019 को घोषणा की कि वह 2021 से दुनिया के सबसे बड़े विमान एयरबस A-380 का उत्पादन बंद करेगी। इसके पीछे विमान की कीमत और एयरलाइन का इससे मोहभंग होना माना जाता है। A-380 के एक विमान की कीमत 3 हजार करोड़ से ज्यादा है। दुबई की एयरलाइन एमिरेट्स ने एयरबस को 162 नए विमानों के ऑर्डर को कम कर 123 कर दिया था। दूसरी एयरलाइंस ने भी A-380 का इस्तेमाल न करने की घोषणा की। कंपनी को इस कटौती से बड़ा झटका लगा। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 27 अप्रैल को घटित हुईं अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं पर

1526 – मुगल शासक बाबर, इब्राहिम लोदी को पराजित कर दिल्ली का बादशाह बना।
1606- शहजादा खुसरो को बादशाह जहांगीर ने गिरफ्तार किया। खुसरो ने 6 अप्रैल को बगावत का ऐलान किया था।
1662 – नीदरलैंड और फ्रांस ने सैन्य संधि पर हस्ताक्षर किये।
1748 – मुगल शासक मुहम्मद शाह का दिल्ली में निधन।
1878 – कलकत्ता विश्वविद्यालय ने विश्वविद्यालय शिक्षा क्षेत्र में महिलाओं की पात्रता को मंजूरी दी।
1908 – लंदन में चौथे ओलंपिक खेलों का शुभारंभ।
1912- सशक्त हावभाव, चेहरे पर बच्चों जैसी मुस्कुराहट, जिंदगी से भरपूर, रंगमंच और फिल्मों की महान अदाकारा जोहरा सहगल का जन्म।
1941 – जर्मनी की सेना ने एथेंस (यूनान) पर कब्जा किया।
1942 – अमेरिका के ओकलाहोमा प्रांत में तूफान के कारण 100 लोगों की मौत।
1945- दूसरे विश्व युद्ध में नाजी नेता हिटलर की सेनाओं के खिलाफ अमेरिका, ब्रिटेन और सोवियत संघ की सेनाओं ने मिलकर मोर्चा बांधा। जर्मनी में एल्बे नदी के किनारे अमेरिका और सोवियत संघ की सेनाओं के बीच पहली मुलाकात।
1960 – नयी दिल्ली में नेशनल डिफेंस कॉलेज की स्थापना।
1961 – अमेरिकी अंतरिक्ष केंद्र नासा ने गामा किरणों के अध्ययन के लिए पृथ्वी की कक्षा में उपग्रह एक्सप्लोरर 11 को स्थापित किया।
1961 – सिएरा लियोन ने ब्रिटेन से स्वाधीनता की घोषणा की।
1967- अमेरिका ने नेवादा परीक्षण स्थल पर परमाणु परीक्षण किया।
1972- अंतरिक्ष यान ‘अपोलो 16’ पृथ्वी पर वापस लौटा।
1989- बांग्लादेश में तूफान से 500 लोगों की मौत।
1993- अफगानिस्तानी विमान ‘एएनएस 32’ दुर्घटनाग्रस्त होने से 76 लोगों की मौत।
2009 – प्रसिद्ध अभिनेता एवं फ़िल्म निर्माता-निर्देशक फ़िरोज़ ख़ान का निधन हुआ।
2010 – सुप्रसिद्ध हिंदी फिल्म अभिनेता विनोद खन्ना का निधन हुआ।
2011 – अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने जन्मदिन को लेकर हुए विवाद के बाद सार्वजनिक तौर पर अपना जन्म प्रमाण पत्र जारी किया।
2012–निप्रॉपेट्रोस के यूक्रेनी शहर के चार विस्फोटों में कम से कम 27 लोग घायल हुए थे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here