Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः 25 अप्रैल को घटित हुई जिन दोनों महत्वपूर्ण घटनाओं का जिक्र करना बेहद जरूरी है, उनमें दूरदर्शन का ब्लैक एंड व्हाइट से कलर होना और हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के सितारे उस्ताद बड़े गुलाम अली खां का निधन होना शामिल है। दूरदर्शन की शुरुआत 1959 में इंडियन टेलीविजन के रूप में हुई थी। उस समय यह प्बैक एंड व्हाइट था, लेकिन आज ही के दिन 1982 में पहली बार दूरदर्शन ब्लैक एंड व्हाइट से कलर यानी रंगीन हुआ था। यानी 40 साल पहले आज ही के दिन देश में टीवी पर पहली बार रंगीन प्रसारण हुआ था। भारत में पहली बार रंगीन प्रसारण का फैसला देश में होने वाले एशियाई गेम्स को देखते हुए लिया गया था।

इस तरह से दूरदर्शन अपने जन्म के 23 साल बाद यानी 1982 में रंगीन हुआ। उस समय दूरदर्शन का ब्लैक एंड व्हाइट से रंगीन होना इतनी बड़ी उपलब्धि थी कि वह संपन्नता की निशानी बन गया। कलर टीवी की डिमांड इतनी ज्यादा हो गई कि कि सरकार को उसे इम्पोर्ट करवाना पड़ा।

1982 में ही 15 अगस्त को देश की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के लाल किले पर दिए गए भाषण के रंगीन प्रसारण हुआ था। इसके बाद 1982 के नवंबर में हुए एशियन गेम्स का भी रंगीन प्रसारण किया गया था। दूरदर्शन पर शुरू हुए रंगीन प्रसारण ने भारत में टीवी की कामयाबी और लोकप्रियता की नई दास्तां लिखी।

अब रिमोट के बस एक क्लिक पर टीवी के सैकड़ों चैनल मौजूद हैं। शुरुआत में कुछ घंटे चलने वाले टीवी चैनलों का प्रसारण अब 24 घंटे होने लगा है। समाचार, फिल्में, खेल, गाने, भक्ति हर क्षेत्र से जुड़े अलग-अलग चैनल हैं।
आपको दूरदर्शन की शुरुआत 1959 में इंडियन टेलीविजन के रूप में हुई थी। पहले ये आकाशवाणी का ही हिस्सा था, लेकिन बाद में उससे अलग हो गया। यूनेस्को की मदद से शुरुआत में दूरदर्शन पर हफ्ते में दो दिन केवल एक-एक घंटे के कार्यक्रम प्रसारित होते थे। इनका उद्देश्य नागरिकों को जागरूक करना होता था।

1965 में इसका रोजाना प्रसारण शुरू हुआ। समाचार आने लगे। फिर कृषि दर्शन आया, जो आज भी दूरदर्शन के अलग-अलग चैनलों पर प्रसारित होता है। चित्रहार पर फिल्मी गाने प्रसारित होते थे।

80 के दशक में दूरदर्शन घर-घर में छा गया। दूरदर्शन पर प्रसारित पहला सीरियल हम लोग था। इसके बाद इस पर प्रसारित होने वाले रामायण और महाभारत जैसे पौराणिक सीरियलों ने जबर्दस्त लोकप्रियता हासिल की। इन दोनों सीरियल के प्रसारण के समय देश में सड़कें वीरान हो जाया करती थीं।
पहले मैकेनिकल टीवी का आविष्कार जे.एल. बेयर्ड ने किया था। बेयर्ड ने 25 मार्च 1925 को लंदन के एक डिपार्टमेंट स्टोर में टीवी लोगों के सामने प्रदर्शित किया। इसके बाद फर्नवर्थ ने 7 सितंबर 1927 को इलेक्ट्रॉनिक टीवी का आविष्कार किया।

25 अप्रैल को एक और महत्वपूर्ण घटना घटित हुई थी। आज ही के दिन 1968 में हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के सितारे उस्ताद बड़े गुलाम अली खां का निधन हुआ था। 20वीं सदी के ‘तानसेन’ के नाम से प्रसिद्ध बड़े गुलाम अली खां को संगीत विरासत में मिला था। उन्होंने अपने पिता अली बख्श खां, चाचा और दादा से शुरुआती शिक्षा ली। पिता कश्मीर के महाराजा के दरबारी गायक थे और यह संगीत का कश्मीरी घराना कहा जाता था।

बड़े गुलाम अली खां ने फिल्म निर्देशक के. आसिफ की फिल्म मुगल-ए-आजम के ‘प्रेम जोगन बन के…’ गीत को गाने लिए 25 हजार रुपए मेहनताना लिया था। ये गाना फिल्म के साथ ही अमर हो गया।

1947 में बंटवारे के बाद गुलाम अली खां पाकिस्तान चले गए थे, लेकिन, वहां उनका मन नहीं लगा और वह जल्द ही भारत लौट आए। उन्हें 1962 में पद्मभूषण से सम्मानित किया गया था। 25 अप्रैल 1968 को हैदराबाद में उस्ताद बड़े गुलाम अली खां का निधन हो गया था।

1809: ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी और पंजाब के सिख शासक रणजीत सिंह ने अमृतसर संधि पर हस्ताक्षर किए।
1867 : जापान की राजधानी टोक्यो में विदेशी व्यापार की अनुमति दी गई।
1905: दक्षिण अफ्रीका में अश्वेतों को मताधिकार मिला।
1954 : बेल लैब्स ने न्यूयार्क में पहली बार सोलर बैटरी बनाने की घोषणा की।
1953 : कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के दो वैज्ञानिकों जेम्स डी वॉटसन और फ्रांसिस क्रिक ने डीएनए की संरचना की व्याख्या कर जीव विज्ञान की इस बुनियादी पहेली का जवाब खोज लिया कि जीव अपना वंश कैसे बढ़ाते हैं। इन दोनों वैज्ञानिकों को उनकी इस खोज के लिए 1962 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया
1957: सोडियम परमाणु रिएक्टर पहली बार संचालित किया गया।
1975 : सोवियत संघ ने भूमिगत परमाणु परीक्षण किया।
1980: अमेरिकी सेना ने तेहरान स्थित अपने दूतावास से 53 बंधकों को छुड़ाने का गोपनीय अभियान चलाया, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिल पाई और आठ अमेरिकी सैनिक मारे गए। जनवरी 1981 में इन बंधकों की रिहाई हो पाई।
1981 : जापान के सुरूगा में एक परमाणु संयंत्र में मरम्मत कार्य के दौरान 100 से अधिक मजदूर परमाणु विकिरण का शिकार हुए।
1982 : दिल्ली में टेलीविजन पर पहली बार रंगीन प्रसारण की शुरूआत हुई।
1983ः जर्मनी की पत्रिका ‘स्टर्न’ ने हिटलर की उस विवादास्पद डायरी को छापना शुरू किया, जिसे उन्होंने कथित रूप से दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान लिखा था।
1989ः इथियोपिया में दिमागी बुखार से 20 हजार से ज्यादा लोगों की मौत।
2010ः IPL के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर खिताब जीता।
2010 : भारतीय नौसेना ने पुराने हो चुके चेतक हेलीकाप्टरों की जगह लाइट यूटिलिटी हेलीकाप्टर खरीदने की प्रक्रिया शुरू की।
2013 : ब्रिटेन ने सोमालिया में अपना दूतावास 27 वर्ष के बाद दोबारा खोला।
2015ः नेपाल में भीषण भूकंप ने भारी तबाही मचाई। राजधानी काठमांडू के नजदीक आए इस भूकंप में 8 हजार से भी ज्यादा लोगों की मौत हो गई।
2018ः आसाराम बापू को कोर्ट ने 16 साल की नाबालिग के साथ बलात्कार के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
2020 : देश में कोविड-19 से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ कर 779 पहुंची, संक्रमण के मामले बढ़ कर 24,942 हो गये।
2021: पद्म भूषण से सम्मानित मशहूर शास्त्रीय गायक पंडित राजन मिश्र का कोविड के कारण निधन।
2021: इराक में बगदाद के कोविड अस्पताल में सिलेंडर फटने से लगी भीषण आग। 82 लोगों की मौत।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here