Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः 18 अप्रैल को देश और दुनिया में कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटित हुई हैं, लेकिन जो दो घटनाएं अति महत्वपूर्ण है, उनमें से महान वैज्ञानिक आइंस्टीन का निधन और दूसरा महान क्रांतिकारी तात्या टोपे की मृत्यु। “हर शख्स जीनियस है, लेकिन अगर आप एक मछली को पेड़ पर चढ़ने की काबिलियत के हिसाब से आकेंगे तो मछली सारी उम्र यही सोचती रहेगी कि वह बेवकूफ है।” ये विचार उस शख्स के हैं जिसे बचपन में उसके शिक्षकों ने स्कूल छोड़ने की सलाह दी थी। आगे चलकर उस व्यक्ति ने विज्ञान के क्षेत्र में वह कमाल किए कि आज हर स्कूली बच्चा उनके आविष्कार और थ्योरिज को पढ़ता है। हम बात कर रहे हैं इतिहास के सबसे महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन की।

आइंस्टीन सापेक्षता के सिद्धांत और द्रव्यमान ऊर्जा समीकरण E=mc2 के लिए जाने जाते हैं। अल्बर्ट आइंस्टीन को फोटो इलेक्ट्रिक इफेक्ट की खोज करने के लिए 1921 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। आइंस्टीन ने लगभग 300 से भी अधिक वैज्ञानिक शोध पत्रों का प्रकाशन किया है। आज ही के दिन यानी 18 अप्रैल 1955 को इस महान वैज्ञानिक ने प्रिन्स्टन के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली थी।

अल्बर्ट आइंस्टीन का जन्म 14 मार्च 1879 में जर्मनी के एक साधारण परिवार में  हुआ। पिता बिजली के सामान का कारखाना चलाते थे। मां घर का कामकाज करती थीं। आइंस्टीन के लालन-पालन की जिम्मेदारी उनके चाचा ने निभाई। चाचा आइंस्टीन को जो भी उपहार देते थे, सभी विज्ञान से जुड़े होते थे। इस वजह से स्कूली दिनों में ही आइंस्टीन की सामान्य विज्ञान पर अच्छी पकड़ हो गई थी।

जर्मनी पर हिटलर की तानाशाही 1933 में शुरू हो गई। वहां हर प्रकार के यहूदी साहित्य की सार्वजनिक होली जलाने का अभियान छेड़ दिया गया। आइंस्टीन की लिखी पुस्तकों की भी होली जलाई गई। हिटलर ने जर्मन राष्ट्र के दुश्मनों की एक सूची बनाई। इसमें घोषणा की गई कि जो व्यक्ति आइंस्टीन की हत्या कर देगा उसे 5 हजार डॉलर का पुरस्कार दिया जाएगा। जर्मनी के अलावा वे उसके पड़ोसी देशों स्विट्जरलैंड और ऑस्ट्रिया में भी रहे। 1914 से 1932 तक आइंस्टीन बर्लिन में रहे। इस दौरान हिटलर की यहूदियों के प्रति घृणा को देखते हुए वे अमेरिका चले गए।

आज ही के दिन यान 18 अप्रैल 1859 में महान क्रांतिकारी और 1857 की क्रांति के नायक तात्या टोपे को फांसी दी गई थी। उनका जन्म 1814 में महाराष्ट्र के नासिक जिले में हुआ था। तात्या का वास्तविक नाम रामचंद्र पांडुरंग राव था। उनके पिता का नाम पांडुरंग त्र्यंबक भट और माता का नाम रुक्मिणी बाई था।

तात्या ने 1857 की क्रांति में अंग्रेजों से अकेले सफल संघर्ष किया। तात्या ने 18 जून 1858 को रानी लक्ष्मीबाई के वीरगति के बाद गुरिल्ला युद्ध की रणनीति अपनाई। तात्या टोपे द्वारा गुना जिले के चंदेरी, ईसागढ़ के साथ ही शिवपुरी जिले के पोहरी, कोलारस के वनों में गुरिल्ला युद्ध करने की अनेक कथाएं स्थानीय लोगों में आज भी प्रचलित हैं। 7 अप्रैल 1859 को तात्या शिवपुरी-गुना के जंगलों में सोते हुए धोखे से पकड़े गए। 18 अप्रैल 1859 की शाम ग्वालियर के पास तात्या टोपे को फांसी दे दी गई। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 18 अप्रैल को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं परः

1612 – मुगल बादशाह शाहजहां ने मुमताज से निकाह किया।
1859 – वर्ष 1857 विद्रोह के नेता तात्यां तोपे को फांसी दी गयी।
1902-अपराधियों की पहचान के लिए डेनमार्क ने सबसे पहले फिंगरप्रिंट दर्ज करने शुरू किए।
1906 – सैन फ्रांसिस्को में भूकंप और आग से लगभग 4000 लोगों की मौत।
1917 – महात्मा गांधी ने सत्याग्रह के लिए बिहार के चंपारण का चयन किया।
1924- रिचर्ड साइमन और लिंकन शूस्टर द्वारा दुनिया की पहली क्रॉसवर्ड पजल बुक छापी गई।
1930 – सूर्य सेन उर्फ मास्टर दा और इंडियन रिपब्लिकन आर्मी के 62 लोगों ने चटगांव शस्त्रागार पर धावा बोला।
1948 – नीदरलैंड के हेग में अंतरराष्ट्रीय न्यायालय का गठन हुआ।
1950 – विनोबा भावे ने आंध्र प्रदेश (अब तेलंगाना) के पचमपल्ली गाँव से भूदान आंदोलन की शुरुआत की।
1955 – महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन का निधन हुआ।
1971 – सम्राट अशोक नामक देश का पहला जंबो जेट विमान 747 मुंबई में उतरा।
1978- प्रख्यात लेखक खुशवंत सिंह के पिता शोभा सिंह का निधन।
1980 – जिंबाब्वे ने ब्रिटेन से स्वतंत्रता मिलने की घोषणा की।
1991 – केरल भारत का पहला पूर्ण साक्षर राज्य घोषित हुआ।
1992- रंगभेद के कारण प्रतिबंधित दक्षिण अफ्रीका ने 1970 के बाद पहला क्रिकेट टेस्ट मैच खेला।
1994- वेस्टइंडीज के बल्लेबाज ब्रायन लारा ने इंग्लैंड के खिलाफ एक दिन में 375 रन बनाकर सर गारफील्ड सोबर्स का रिकार्ड तोड़ा।
1996- काहिरा में अज्ञात हमलावरों ने ग्रीस के 17 टूरिस्टों और उनके स्थानीय गाइड को गोलियों से भूना।
2001- भारतीय सीमा में घुस आई बांग्लादेश की सेना की गोलीबारी से भारत के 16 जवान शहीद।
2008- पाकिस्तान ने भारतीय क़ैदी सबरजीत सिंह की फांसी की सजा को एक महीने के लिए टाला।
2008- भारत और मैक्सिको ने नागरिक उड्डयन और ऊर्जा के क्षेत्र में नये समझौते किए।
2013- इराक की राजधानी बगदाद में बम धमाकों में 27 की मौत, 65 घायल।
2014- माउंट एवरेस्ट पर हिमस्खलन से नेपाल के 12 पर्वतारोहियों की मौत।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here