दिल्लीः देश में ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ता जा रहा है। देश में बेहद खतरनाक कोरोना वायरस के अब तक चार मामलों की पुष्टि हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका से मुंबई लौटा शख्स ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित पाया गया है। इससे पहले आज ही गुजरात के जामनगर में भी एक बुजुर्ग इस वैरिएंट से ग्रसित पाया गया। आपको बता दें कि दक्षिण भारतीय राज्य कर्नाटक में पहले ही ओमिक्रॉन के दो मामलों की पुष्टि हो चुकी है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 33 साल का यह शख्स 24 नवंबर को केपटाउन से लौटा था। वह दुबई और दिल्ली होते हुए मुंबई आया। उसने कोई वैक्सीन नहीं ली है। राहत की बात यह है कि उसके संपर्क में आए सभी लोग कोरोना निगेटिव पाए गए हैं। दिल्ली-मुंबई फ्लाइट में उसके साथ सफर करने वाले 25 यात्रियों की रिपोर्ट की भी निगेटिव आई है। महाराष्ट्र में स्वास्थ्य विभाग के निदेशक ने बताया कि संक्रमित मरीज मुंबई के समीप कल्याण डोम्बिवली नगरपालिका क्षेत्र में पहुंचा था और यहां जांच में कोरोना संक्रमित पाया गया। जीनोम सिक्वेंसिंग के बाद ओमिक्रॉन वेरिएंट की पुष्टि हुई।

वहीं, जिम्बाब्वे से गुजरात के जामनगर शहर में लौटा 72 वर्षीय एक व्यक्ति ओमिक्रॉन से संक्रमित पाया गया है। गुजरात में सामने आया मामला भारत में ‘ओमिक्रॉन वैरिएंट से ग्रसित मरीजों का तीसरा मामला बना। अधिकारियों ने कहा कि यह व्यक्ति 28 नवंबर को जिम्बाब्वे से गुजरात आया था और दो दिसंबर को कोरोना वायरस से संक्रमित मिला था, जिसके बाद उसका नमूना जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा गया था। यह व्यक्ति पिछले कई साल से जिम्बाब्वे में रह रहा है और वह राज्य में अपने ससुर से मिलने आया था।

आपको बता दें कि कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएं का सबसे पहले दक्षिण अफ्रीका में पाया गया। बेहद खतरनाक यह वैरिएं मौजूदा समय में 40 से अधिक देशों में पहुंच चुका है। बताया जा रहा है कि अब तक यह 50 से अधिक म्यूटेशन कर चुका है। माना जा रहा है कि यह डेल्टा वेरिएंट से भी कहीं अधिक तेजी से फैल सकता है और इम्युनिटी को भी चकमा दे सकता है। यही वजह है कि कई देशों ने इसके डर से अपनी सीमाओं को सील कर दिया है और विदेशी यात्रियों के आने पर रोक लगा दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here