रायपुरः पुलिस ने छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। रायपुर पुलिस ने नंद कुमार बघेल को आगरा से गिरफ्तार किया। उनकी गिरफ्तारी ब्राह्मण समाज के खिलाफ विवादित टिप्पणी को लेकर हुई है। इस सिलसिले में उनके खिलाफ रायपुर के डीडी नगर पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। एफआईआर दर्ज होने के बाद ही माना जा रहा था कि उनकी गिरफ्तारी हो सकती है।

आपको बता दें कि नंद कुमार बघेल ने हाल ही में लखनऊ में ब्राह्मण समाज के खिलाफ विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद इस समाज के लोगों में आक्रोश था। रायपुर पुलिस एफआईआर दर्ज होने के बाद ही उनकी गिरफ्तारी के लिए निकल गई थी। आगरा से उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस रायपुर लेकर पहुंची। यहां पर पुलिस ने नंद कुमार बघेल को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

नंद कुमार ने गिरफ्तारी के बाद कहा कि यह अंतिम लड़ाई है। मैं इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाऊंगा। आपको बता दें कि नंद कुमार के खिलाफ शिकायत के बाद उनके पुत्र एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ही पिता पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए थे।

भूपेश ने कहा था कि पिता के रूप में उन्हें पूरा सम्मान, लेकिन माहौल बिगाड़ने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज में सभी वर्गों के लोगों के बीच समरसता भाईचारा बना रहना चाहिए। यदि इसे कोई खंडित करने की कोशिश करे, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट तौर पर कहा था कि उन्होंने किसी समाज के खिलाफ अगर कोई बात कही है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के पिता लगातार विवादित बयान देते रहे हैं। यूपी चुनाव से पहले ब्राह्मणों के खिलाफ बयान देकर उन्होंने माहौल खराब करने की कोशिश की है। रायपुर में ब्राह्मण समाज के लोगों ने इसके खिलाफ प्रदर्शन किया था। साथ ही उनके खिलाफ आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here