दिल्लीः टोक्यो ओलंपिक में देश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों पर अब इनामों की बरसात हो रही है। बात चाहे वेटलिफ्टर मीराबाई चानू की हो या पहलवान रवि दहिया की। 41 साल बाद ओलंपिक में पदक जीतने वाली हॉकी टीम के खिलाड़ी एक ही दिन में करोड़पति बन गए हैं।

राज्य सरकारों से लेकर भारतीय रेलवे, भारतीय ओलिंपिक संघ और कुछ व्यापारियों  तक ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की है और उनकी झोली में कैश रिवॉर्ड देने का ऐलान किया है। तो चलिए आपको बताते हैं कि किस खिलाड़ी को क्या मिलाः-

 मीराबाई चानूः टोक्यो ओलिंपिक में भारत की ओर से पहला पदक जीतने वाली सिल्वर मेडलिस्ट वेटलिफ्टर मीराबाई चानू को मणिपुर सरकार ने एक करोड़ कैश और एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP) बनाया है। राज्य के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने इसकी घोषणा की है। वहीं, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी रेलवे की ओर से 2 करोड़ रुपए कैश प्राइज देने का ऐलान किया है। वहीं मणिपुर सरकार ने ओलिंपिक में भाग लेने वाले राज्य के हर खिलाड़ी को 25 लाख रुपए देने की घोषणा की है।

पीवी सिंधुः आंध्र प्रदेश सरकार ने बैंडमिंटन में भारत को ब्रॉन्ज दिलाने वालीं पीवी सिंधु को 30 लाख रुपए कैश देने का ऐलान किया है। इसके अलावा इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन (IOA) ने भी सिंधु को 25 लाख रुपए देने की घोषणा की है। सिंधु पहली भारतीय महिला हैं जिन्होंने लगातार दूसरे ओलिंपिक में मेडल जीता है। उन्होंने 2016 के रियो ओलंपिक में भी सिंधु ने सिल्वर जीता था।

लवलिना बोरगोहेनः- टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय मुक्केबाज लवलिना बोरगोहेन गांव में सड़क बन गई। लवलिना असम के गोलाघाट की रहने वाली हैं। असम सरकार ने उन्हें जीत का बड़ा तोहफा दिया है, जो सिर्फ उनके लिए ही नहीं, बल्कि उनके गांव के लोगों के लिए भी खुशी का सबब बन गया है। ये सड़क कई सालों से खराब थी।

हॉकी टीमः 41 साल बाद ओलंपिक में मेडल जीतने वाले भारतीय हॉकी प्लेयर्स भी करोड़पतियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। पंजाब सरकार ने टीम में शामिल अपने 10 खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपए कैश प्राइज देने का ऐलान किया है।

वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी टीम का हिस्सा रहे अपने 2 खिलाड़ियों विवेक सागर और नीलकांता शर्मा को 1-1 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। मणिपुर सरकार ने भी नीलकांता शर्मा को 75 लाख रुपए नकद देने के साथ ही सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। नीलकांता अभी रेलवे में बतौर टीसी काम कर रहे हैं।

हरियाणा सरकार ने भी राज्य के दो खिलाड़ियों को 2.5-2.5 करोड़ रुपए, खेल विभाग में नौकरी और कंसेशनल रेट पर प्लॉट देने का ऐलान किया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश की सरकार ने अपने एक खिलाड़ी वरुण कुमार को 75 लाख रुपए कैश देने की घोषणा की है।

रवि दहियाः हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर ने टोक्यो ओलिंपिक में सिल्वर जीतने वाले पहलवान रवि दहिया को चार करोड़ रुपए कैश के साथ क्लास वन की सरकारी नौकरी और कंसेशनल रेट पर प्लॉट देने की घोषणा की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here