मुंबई में आफत की बारिश, 18 लोगों की मौत, मलबे में अपनों की तलाश जारी

0
175

मुंबई.
मुंबई में आफत की बारिश जारी है। मूसलाधार बारिश के कारण अलग-अलग हादसों में यहां 18 लोगों की मौत हो गई। चेंबूर इलाके में लैंडस्लाइड के बाद एक दीवार गिर गई। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई। वहीं, विक्रोली इलाके में मकान गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि भांडुप में दीवार गिरने से एक ने जान गंवाई है। एनडीआरएफ के साथ ही राहत और बचाव कार्य में स्थानीय प्रशासन के लोग जुटे हैं। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की जा रही है।

भरभरा कर गिरी दीवार
मॉनसूनी बारिश के लिए लोग टकटकी लगाकर आसमान को देख रहे हैं। मौसम विभाग को भी अभी तक मॉनसून ने दगा ही दिया है, लेकिन शनिवार देर रात महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मौसम के तेवर बिगड़े नजर आए। सुबह होते-होते रविवार को कई हादसे सामने आए। चेंबूर के भरतनगर इलाके में लैंडस्लाइड होने से एक दीवार गिर गई। उसकी चपेट में आकर 14 लोगों की मौत हो गई। वहां रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मुंबई के रजावाड़ी अस्पताल में घायलों को भर्ती कराया गया है। एनडीआरएफ ने मलबे से दो शव बरामद किए हैं। एनडीआरएफ कर्मियों के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने 10 शव निकाल लिए थे। कम से कम 7 और लोग मलबे में दबे हो सकते हैं।

विक्रोली में इमारत ढही
विक्रोली इलाके में भी एक दोमंजिला इमारत ढह गई। बीएमसी के मुताबिक इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। मलबे में 5-6 लोगों के दबे होने की आशंका है। घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। एनडीआरएफ के अनुसार, अब तक तीन शव निकाले जा चुके हैं।

जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कें बनीं नदियां
मॉनसून की बारिश से मुंबई जूझ रही है। शहर के तमाम निचले इलाकों में पानी भरा हुआ है। वहीं जगह-जगह सड़कों पर जलभराव से ट्रैफिक पर भी बुरा असर पड़ा है। सायन रेलवे स्टेशन के रेल ट्रैक पर पानी भर गया। वहीं किंग सर्कल पर भी जलभराव हो गया। कांदिवली ईस्ट के हनुमान नगर में भारी बारिश से बुरा हाल है। गांधी मार्केट इलाके में सड़कों पर पानी भर जाने से आवाजाही प्रभावित हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here