सान्या तेजी से चढ़ रहीं सफलता की सीढ़ियां

0
109

मुंबई.
सान्या मल्होत्रा बॉलीवुड में तेजी से सफलता के पायदान चढ़ रही हैं। हाल में वह अपनी फिल्म ‘पगलैट’ को लेकर सुर्खियों में थीं। अब सान्या के खाते में एक और फिल्म जुड़ गई है। जानकारी सामने आ रही है कि वह तेलुगु फिल्म ‘हिट’ की हिन्दी रीमेक मे अभिनेता राजकुमार राव के साथ नजर आएंगी। सान्या ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी शेयर की है।

उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, फिल्म हिट की टीम में शामिल होकर बहुत खुशी हुई। इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्सुक हूं। मैंने फिल्म हिट देखी है और मुझे वास्तव में फिल्म का कॉन्सेप्ट पसंद आया है। जब मुझे इस फिल्म की पेशकश की गई, तो मैंने तुरंत इसके लिए अपनी हामी भर दी। यह फिल्म काफी दिलचस्प है और इसकी कहानी पेचीदा है, जिसे बड़े पैमाने पर दर्शकों के सामने लाना चाहिए।
उन्होंने राजकुमार के साथ काम करने को लेकर अपनी उत्सुकता व्यक्त की है। सान्या फिल्म में राजकुमार के अपोजिट भूमिका में दिखने वाली हैं।

इस हिन्दी रीमेक का निर्देशन डॉ शैलेश कोलानु करेंगे, जिन्होंने इसकी ऑरिजनल फिल्म का भी निर्देशन किया था। यह फिल्म अभी प्री-प्रोडक्शन स्टेज में है। जल्द फिल्म की शूटिंग शुरू हो सकती है।

तेलुगु फिल्म हिट 2020 में रिलीज हुई थी। इसमें विश्व सेन और रूहानी शर्मा को मुख्य भूमिका में देखा गया था। यह फिल्म एक पुलिस वाले के बारे में है, जो एक लापता महिला का पता लगाने में जुटा होता है। यह एक थ्रिलर एक्शन फिल्म है।

इसके अलावा सान्या फिल्म मीनाक्षी सुंदरेश्वर में नजर आएंगी। इसमें उनके साथ अभिमन्यु दसानी भी अभिनय करते दिखेंगे। फिल्म को करण जौहर ने प्रोड्यूस किया है। वह बॉबी देओल और विक्रांत मैसी के साथ शाहरुख खान के आगामी होम प्रोडक्शन की फिल्म लव हॉस्टल में भी दिखाई देंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here