पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी आज यानी बुधवार को सुबह 10:45 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। आज सिर्फ ममता ही शपथ लेंगी।  उनके कैबिनेट के साथी छह  या सात मई को शपथ लेंगे। ममता के शपथग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए बीसीसीआई प्रेसिडेंट सौरभ गांगुली और बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप घोष को भी न्योता भेजा गया है।

शपथ ग्रहण समारोह राजभवन के टाउन हॉल में होगा। इसके बाद ममता राज्य सचिवालय जाएंगी। शपथग्रहण समारोह में प्रशांत किशोर सहित टीएमसी के बड़े नेता शामिल होंगे। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य, वाम मोर्चा के नेता विमान बोस को भी शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया गया है।

ममता बनर्जी लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री का पद संभालेंगी। हालांकि, 66 वर्षीय ममता बनर्जी नंदीग्राम सीट से चुनाव हार चुकी हैं। नियम के अनुसार उन्हें छह महीना के अंदर फिर किसी सीट से चुनाव लड़ना पड़ेगा। इससे पहले ममता ने 20 मई 2011 को पहली और 27 मई 2016 को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

पश्चिम बंगाल में कांग्रेस ने 1950 से लगातार 17 सालों तक सत्ता संभाली। इसके बाद 1977 में वामदलों ने सत्ता पर कब्जा किया और 34 साल राज किया। वाम दलों का दौर खत्म हुआ तो ममता की तृणमूल को सत्ता मिली और अब लगातार तीसरी पर सत्ता पर कब्जा किया है।

आपको बता दें कि ममता बनर्जी 3 मई को तृणमूल विधायक दल का नेता चुनी गईं थीं। इसके बाद ममता ने कहा था कि पार्टी शपथ ग्रहण का कार्यक्रम साधारण रखेगी। उन्होंने कहा था कि जब तक देश कोरोना से जंग नहीं जीत जाता, हम किसी भी प्रकार का जश्न नहीं मनाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here