File Picture

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता सीताराम येचुरी के पुत्र  तथा दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके वालिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और कहा है कि क्वारंटीन में रहते हुए मिल रहे दुःखद समाचारों से बहुत क्षुब्ध हूं। उन्होंने कहा है कि देश में संकट सिर्फ कोरोना नहीं, केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियां हैं।

राहुल गुरुवार को ट्वीट कर येचुरी के पुत्र आशीष के निधन पर परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और उम्मीद जताई कि भगवान उन्हें यह विपत्ति सहन करने की क्षमता प्रदान करेंगे। वहीं एके वालिया के निधन पर भी गहरा शोक जताया और कहा कि वह सामाजिक सरोकारों से जुड़े पार्टी के महत्वपूर्ण नेता थे। उन्होंने डॉक्टर वालिया के परिवार के सदस्यों और उनके मित्रो के प्रति संवेदना व्यक्त की।

आपको बता दें कि राहुल गांधी भी कोरोना पॉजिटिव है और मौजूदा समय में क्वारंटीन में हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “ घर पर क्वॉरंटीन हूं और लगातार दुखद समाचार आ रहे हैं। भारत में संकट सिर्फ़ कोरोना नहीं, केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियां हैं। झूठे उत्सव एवं खोखले भाषण नहीं, देश को समाधान दो।”

डॉ. वालिया का कोरोना से संक्रमित होने के कारण गुरुवार को निधन हो गया।
डॉ वालिया कुछ दिन पहले कोरोना संक्रमित पाए गए थे और उसके बाद उन्हें यहां अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आज सुबह उनका निधन हो गया।
डॉ. वालिया दिल्ली सरकार में लगातार 15 साल तक मंत्री रहे और तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के अत्यंत विश्वासपात्र थे। उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी। पेशे से चिकित्सक डॉ.  वालिया चार बार दिल्ली विधानसभा के सदस्य रहे। उन्होंने 1993 में राजनीति मे प्रवेश किया और दिल्ली सरकार में शिक्षा, स्वास्थ्य और वित्त मंत्रालय जैसे अहम पदों पर काम किया।

वहीं येचुरी के ज्येष्ठ पुत्र आशीष की गुरुवार को कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। इस बात की जानकारी येचुरी ने आज सुबह ट्वीट कर दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “ बहुत दुख के साथ मुझे सूचित करना पड़ रहा है कि मैंने अपने बड़े बेटे आशीष येचुरी को आज सुबह कोविड-19 के कारण खो दिया। मैं उन सभी डॉक्टर, नर्स, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, स्वच्छता कार्यकर्ता और हमारे साथ खड़े लोगों का आभार व्यक्त करना चाहता हूं जिन्होंने मेरे बेटे का उपचार किया और हमें उम्मीद बंधायी।”
कोविड-19 से संक्रमित 35 वर्षीय आशीष येचुरी गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में दो सप्ताह से भर्ती थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here