आज देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 475 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटिंग सुबह सात बजे शुरू हुई। आज मतदाता 5857 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। पश्चिम बंगाल और असम में  विधानसभा चुनावों के तीसरे चरण का मतदान हो रहा है। इसके साथ ही असम में चुनाव पूरा हो जाएगा। वहीं तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में आज एक ही चरण में सभी सीटों पर मतदान हो रहा है।

पश्चिम बंगाल में आज तीसरे फेज की वोटिंग में 78,52,425 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 39,93,280 पुरुष और 38,58,902 महिलाएं शामिल होंगी। इनमें से 2,30,055 ऐसे होंगे जो पहली बार वोट करेंगे। वहीं 1,26,148 वोटर ऐसे होंगे जो 80 साल की उम्र पार कर चुके हैं। तीसरे चरण में सबसे ज्यादा 11 प्रत्याशी डायमंड हार्बर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। तीसरे चरण के मतदान के लिए राज्य में 8,840 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। वहीं सुरक्षा बलों की 832 कंपनियां तैनात की गई हैं। इनमें से दक्षिण 24 परगना में 307, हुगली में 167 और हावड़ा में 144 कंपनी तैनात की गई हैं। बंगाल में पहले फेज के तहत 27 मार्च और दूसरे फेज के तहत एकअप्रैल को मतदान हो चुका है, जबकि चौथे चरण का मतदान 10 अप्रैल को होगा। आपको बता दें कि राज्य में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं।

बात असम की करें, तो असम में आज तीसरे चरण और अंतिम चरण में 40 विधानसभा सीटों पर चुनाव है। इस चरण में 373 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इनमें 325 पुरुष और 12 महिला उम्मीदवार हैं। इस चरण में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री एवं बीजेपी नेता हिमंत बिस्वा सरमा जलुकबरी से चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य में आज 79,19,641 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 40,11,539 पुरुष, 39,07,963 महिलाएं और 139 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। इस चुनाव के लिए पैरा मिलिट्री फोर्स की 320 कंपनियां तैनात की गई हैं।

उधर, केरल की सभी 140 सीटों पर आज वोटिंग हो रही है। राज्य में 957 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। यहां कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार है और वह राज्य में काफी मजबूत है, लेकिन बीजेपी ने भी इस चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इस बार वायनाड से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का केरल पर विशेष फोकस रहा है। यहां लेफ्ट नीत LDF, कांग्रेस नीत UDF और बीजेपी नीत NDA गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही हैं। राज्य में आज 2,74,46,039 वोटर मतदान करेंगे। इसमें 1,32,83,724 पुरुष,1,41,62,025 महिलाएं और 1,41,62,025 ट्रांसजेंडर हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बताया कि राज्य में 59,292 पुलिसकर्मी और 140 केंद्रीय सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें CISF, CRPF और BSF शामिल हैं। पुलिस की 95 कंपनियों को स्टैंडबाई मोड पर रखा गया है। राज्य को 481 पुलिस स्टेशनों में बांटा गया है। टीम में 4,405 सब इंस्पेक्टर, 784 इंस्पेक्टर और 258 डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस शामिल हैं।

आज तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर भी मतदान हो रहा है। इस बार राज्य में 3,998 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य में 6.28 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 3.08 करोड़ पुरुष और 3.18 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। तमिलनाडु में AIADMK के साथ बीजेपी , PMK और कुछ छोटी पार्टियां चुनाव लड़ रही हैं। वहीं DMK के साथ कांग्रेस CPI(M) और 10 छोटी पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। अभिनेता से राजनेता बने कमल हासन भी यहां चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी पार्टी MNM सहयोगी पार्टियों के साथ चुनाव लड़ रही है। राज्य में 88,936 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। 8,97,694 मतदाता ऐसे हैं, जो पहली बार मतदान करेंगे। चुनाव के लिए 23,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

वहीं पुडुचेरी में भी आज सभी 30 सीटों पर वोटिंग हो रही है। इस बार प्रदेश में 324 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। प्रदेश में 10,04,507 मतदाता मतदान करेंगे। प्रदेश की सत्ता पर काबिज होने के लिए दोनों ही प्रमुख पार्टियों यानी कांग्रेस तथा बीजेपी ने वादों की झड़ी लगा दी है। बीजेपी ने जहां पुडुचेरी को विशेष केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा देने का वादा किया है तो वहीं कांग्रेस ने एक कदम आगे चलकर पूर्व राज्य का दर्जा देने का दांव चला है। बीजेपी के वादों में राज्य का फंड बढ़ाकर 25 से 40 प्रतिशत करना शामिल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here