file Picture

तीन नए केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन का आज 93वां दिन है। किसान संगठन आज इन कृषि कानूनों को लेकर ग्लोबल लाइव वेबिनार कर रहे हैं। यह शुक्रवार सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। इसमें किसान तीन कृषि कानूनों का किसानों पर असर विषय पर चर्चा कर रहे हैं। किसान संगठनों की ओर से इसमें दुनियाभर के किसान नेताओं और खेतीबाड़ी से जुड़े लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है।

भारतीय किसान संगठनों के नेता इस वेबिनार में मौजूद लोगों के सवालों के जवाब भी ऑनलाइन दे रहे हैं। इस वेबिनार के बारे में जानकारी किसान एकता मोर्चा ने सोशल मीडिया दी है। वेबिनार के लिए कैलिफोर्निया, न्यूयॉर्क, मेलबर्न और ब्रिटेन का समय भी शेयर किया गया है। वेबिनार में आम लोग भी सवाल पूछ सकते हैं। इसके लिए रजिस्ट्रेशन करवाने हेतु लिंक भी जारी की गई है।

वहीं दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे किसान आज सभी जगह युवा किसान दिवस मना रहे हैं। इसके तहत सभी बॉर्डर पर जारी धरने के मंच युवा किसान संभालेंगे। आपको बता दें कि किसानों ने सात दिन तक अलग-अलग दिवस मनाने का ऐलान किया है।

उधर, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने गुरुवार को कहा कि हम कृषि कानून लागू नहीं कर सकते हैं, क्योंकि मामला सुप्रीम कोर्ट में है। इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट की बनाई कमेटी ने अभी अपना फीडबैक नहीं दिया है। अब तक हमने किसानों के साथ 12 दौर की बातचीत की है और अभी भी किसी भी समय हम किसानों से बातचीत के लिए तैयार हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here