राजीव कपूर नहीं रहे, 58 साल की उम्र में दुनिया को कहा-अलविदा

0
115

मुंबई. बॉलिवुड से एक और दुखद खबर आ रही है। राज कपूर के सबसे छोटे बेटे और रणधीर और ऋषि कपूर के छोटे भाई राजीव कपूर का मंगलवार 9 फरवरी 2021 को निधन हो गया है। राजीव कपूर 58 साल के थे। रणधीर कपूर और नीतू कपूर ने राजीव के निधन की खबर को कन्फर्म किया है।

रणधीर कपूर ने इस दुखद खबर को कन्फर्म करते हुए कहा, ‘मैंने अपना सबसे छोटा भाई राजीव खो दिया है। वह अब इस दुनिया में नहीं हैं। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की मगर बचा नहीं सके। नीतू कपूर ने भी इंस्टाग्राम पर राजीव कपूर की फोटो शेयर करते हुए उनके निधन की खबर को कन्फर्म किया है। पिछले साल ही ऋषि कपूर की कैंसर से मौत हो गई थी। परिवार उस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि अब फिर से कपूर फैमिली पर मुसीबत आ पड़ी है। राजीव कपूर ने राज कपूर के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ में साल 1985 में डेब्यू किया था। इसके बाद वह कुछ ही फिल्मों में नजर आए थे। उन्होंने ऋषि कपूर के लीड रोल वाली फिल्म ‘प्रेम ग्रंथ’ का डायरेक्शन भी किया था।

25 अगस्त, 1962 को मुंबई में जन्में राजीव कपूर ने अपने फिल्मी कॅरियर की शुरुआत 1983 में आई फिल्म ‘एक जान है हम’से की। इस फिल्म में उनके साथ दिव्या राना, शम्मी कपूर और प्राण ने काम किया है। उनकी आखिरी फिल्म 1990 में आई ‘जमींदार’थी। राजीव कपूर ने अपने 10 साल के फिल्मी कॅरियर में 13 फिल्मों में काम किया लेकिन उन सभी फिल्मों में एक ही फिल्म हिट रही। वह थी सन 1985 में रिलीज हुई फिल्म ’राम तेरी गंगा मैली’। इस फिल्म में मंदाकिनी के साथ उनकी जोड़ी को भी खूब सराहा गया। राजीव कपूर की इस फिल्म को पिता राज कपूर ने निर्देशित किया था। यह राज कपूर की निर्देशित अंतिम फिल्म थी।

अभिनेता के रूप में अपने कॅरियर को सफल होता न देख राजीव कपूर ने फिल्म निर्माण और निर्देशन की ओर रूख किया। निर्माता के रूप में उनकी पहली फिल्म थी हिना (1991)। इस फिल्म को उनके भाई रणधीर कपूर ने निर्देशित किया। 1996 में आई ‘प्रेम ग्रन्थ’ उनकी पहली फिल्म थी जिसका उन्होंने निर्देशन किया। इस फिल्म में शम्मी और ऋषि कपूर तथा माधुरी दीक्षित ने काम किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here