Courtesy ANI

पूरे उत्तर भारत में सर्दी ने लोगों का बुरा हाल कर रखा है और अगले चार दिनों तक इसके और बढ़ने की संभावना है। आईएमडी (IMD) यानी मौसम विभाग ने उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में शीतलहर ठंड बढ़ा सकती है।

राजस्थान में माउंट आबू सहित कई जिलों में कड़ाके की सर्दी की चपेट में है। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर माइनस 2 डिग्री पहुंच गया है। यहां का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सिरोह में मंगलवार को न्यूनतम तापमान दो डिग्री लुढ़ककर 7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पश्चिमोत्तर की ओर से चलने वाली सर्द हवाओं ने बिहार की राजधानी पटना सहित सभी जिलों में ठंड बढ़ा दी है। बिहार के सभी जिलों में मंगलवार को घना कोहरा छाया रहा। पटना में कोहरे से दृश्यता 100 मीटर दर्ज की गई थी। वही गंगा और सोन के आसपास के क्षेत्रों में दृश्यता 50 से 75 मीटर थी। राज्य में दिन में तेज धूप निकली, लेकिन एक बजे बादल छाने और तेज हवाएं चलने लगीं, जिससे पारा 7 डिग्री गिर गया।

वहीं हरियाणा में ठंड लगातार बढ़त रही है। हरियाणा के रेवाड़ी में मंगलवार को रात का तामपनान 2.0°, हिसार में 2.2° और नारनौल में 2.8° सेल्सियस पर आ गया।

मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में इस बार शीतलहर 30 जनवरी तक रहेगी। 1998 के बाद यह पहला मौका है, जब राज्य में शीतलहर का समय बढ़ा है। नवंबर-दिसंबर में वेस्टर्न डिस्टरबेंस और 2016 के बाद सर्दी के मौसम में 10 प्रतिशत ज्यादा बारिश के कारण का ठंड पर असर पड़ा है। अगले पांच दिन शीतलहर के साथ कोहरा पड़ने की संभावना है।

वहीं को दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.1° सेल्सियस दर्ज किया गया। हवाओं ने लोगों को परेशान किया। वहीं 15 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण एयर क्वालिटी में सुधार देखने को मिला, लेकिन ठंडी हवाओं ने लोगों को परेशान किया।

मध्य प्रदेश में भी सर्दी ने लोगों का बुरा हाल कर रखा है। उत्तर से आई सर्द हवा और शाम के वक्त नमी कम होने से राजधानी भोपाल में ठंड बढ़ गई है। यहां पर रात के तापमान में 4 डिग्री की गिरावट हुई। मौसम विभाग ने मकर संक्रांति के मौके पर ठंड के और बढ़ने की संभावना व्यक्त की है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here