स्पोर्ट डेस्क

प्रखर प्रहरी

पेरिसः लाल बजरी के बेताज बादशाह राफेल नडाल ने फ्रेंच ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया है। स्पेन के टेनिस प्लेयर नडाल ने क्ले कोर्ट पर ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए दुनिया के नंबर वन खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच को रविवार को एकतरफा अंदाज में 6-0, 6-2, 7-5 से हरा दिया। इसके साथ ही नडाल ने  फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट की लाल बजरी पर अपनी 100वीं जीत दर्ज की। नडाल का यह 13वां फ्रेंच ओपन का खिताब है। इसके साथ ही उन्होंने स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर के 20 ग्रैंड स्लेम खिताबों के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

नडाल ने फाइनल को पूरी तरह एकतरफा बनाते हुए मैच दो घंटे 41 मिनट में ही समाप्त कर दिया। इसके साथ ही नडाल ने फ्रेंच ओपन में 102 मैचों में 100वीं जीत दर्ज की।  क्ले कोर्ट मास्टर नडाल ने फ्रेंच ओपन में 2005, 2006, 2007, 2008, 2010, 2011, 2012, 2013, 2014, 2017, 2018, 2019 और 2020 में खिताब जीते हैं। उन्होंने इसके अलावा  2009  ऑस्ट्रेलियन ओपन  2008 तथा 2010 विम्बलडन और और 2010, 2013, 2017 तथा 2019 में  यूएस ओपन का खिताब अपने नाम किया है।

34 वर्षीय नडाल ने फाइनल में सेट बिना कोई गेम गंवाए 6-0 से जीत लिया। नडाल का जोकोविच के खिलाफ 56 मैचों की प्रतिद्वंद्विता में यह सिर्फ दूसरा मौका था जब नडाल ने कोई सेट 6-0 से जीता। वहीं 47 मिनट तक चले दूसरे सेट में 33 वर्षीय जोकोविच के रैकेट से बेजां भूलें निकलती रहीं और नडाल ने यह सेट 6-2 से जीता। तीसरे सेट में कुछ संघर्ष हुआ और पहले 10 गेम के बाद स्कोर 5-5 से बराबर था। नडाल ने 11वें गेम में महत्वपूर्ण ब्रेक हासिल किया और 6-5 की बढ़त बना ली। 12वें गेम में नडाल फ्रेंच ओपन में 100वीं जीत और 20वें ग्रैंड स्लेम खिताब के लिए सर्विस कर रहे थे। नडाल ने जल्द ही 40-0 की बढ़त बना ली और फिर एस लगाते हुए ऐतिहासिक जीत हासिल कर ली।

इस जीत के बाद नडाल इस जीत के बाद कोर्ट पर घुटनों के बल बैठ लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।  नडाल के करियर की यह 999वीं जीत थी और वह टेनिस इतिहास में 1000 जीत हासिल करने वाला चौथा खिलाड़ी बनने से एक जीत दूर रह गए हैं। उनसे आगे जिमी कोनर्स (1274), रोजर फेडरर (1242) और इवान लेंडल (1068) हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here