दिल्ली डेस्क
प्रखर प्रहरी
दिल्लीः भारत में वैश्विक महामारी कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान इस प्राण घात विषाणु के रिकार्ड 38,902 मामले दर्ज किये। देश में इससे संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या 10.77 लाख से अधिक हो चुकी है। वहीं इस दौरान 543 मरीजों की मृत्यु हुई। इसके साथ ही देश में इस महामारी से होने वाली मौतों की संख्या 26816 हो गयी है। गत चार दिनों से देश में 32 हजार से अधिक संक्रमण के मामले दर्ज किये जा रहे हैं। देश के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार को 32,695, शुक्रवार को 34,956 और शनिवार को 34,884 मामलों की पुष्टि हुई थी।

केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से 19 जुलाई को जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में संक्रमितों की कुल संख्या 10,77,618 हो गई है। वहीं अब तक इसके कारण 26816 मरीजों की मृत्यु हुई है। देश में 677423 लोग इस महामारी से निजात पा चुके हैं। देश में इस समय कोविड-19 के 3,73,379 सक्रिय मामले हैं।

हालांकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पहले से स्थित थोड़ी सुधरी है। यहां पर नये मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वालों की संख्या अधिक है, लेकिन महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात और पश्चिम बंगाल में .ह महामारी तेजी से फैल रही है। महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या तीन लाख से अधिक हो चुकी है , वहीं तमिलनाडु में 1.65 लाख और दिल्ली में 1.21 लाख से अधिक हो गयी है, वहीं कर्नाटक 59 हजार से अधिक संक्रमण के मामलों के साथ चौथे स्थान पर है।

पिछले 24 घंटों में विभिन्न राज्यों स्थिति पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में इस दौरान संक्रमण के 8348 नये मामले सामने आये हैं और 144 लोगों की मौत हुई। यहां अब संक्रमितों का आंकड़ा 3,00,937 और मृतकों की संख्या 11,596 है। वहीं 1,65,663 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। तमिलनाडु में इस दौरान संक्रमण के 4807 मामले दर्ज किये गये और 88 लोगों की मौत हुई। यहां पर संक्रमितों की संख्या 1,65,714 और मृतकों का आंकड़ा 2403 हो गया है। राज्य में 1,13,856 लोगों को ठीक होने के विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना से अब तक 1,21,582 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 3597 लोगों की मौत हुई है। वहीं 1,01,274 मरीज रोगमुक्त हुए हैं।

दक्षिण भारतीय राज्य कर्नाटक संक्रमितों की संख्या के मामले में चौथे स्थान पर है। राज्य में 59,652 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 1240 लोगों की इससे मौत हुई है। वहीं 21,775 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। गुजरात में 47,390 लोग इस वायरस की चपेट में आए हैं तथा 2122 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 34,035 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं। इसके अलावा यूपी और तेलंगाना सहित देश के सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेश में यह महामारी काफी तेजी से फैल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here