दिल्ली डेस्क

प्रखर प्रहरी

दिल्ली- देश में कोरोना संक्रमण से प्रभावित लोगों की संख्या 4.40 लाख के पार पहुंच गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से 23 जून को जारी किये गये आंकड़ों के मुताबिक देश के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान इस जानलेवा विषाणु के 14,933 नये मामले दर्ज किये गये हैं। इस तरह से देश में अब इससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,40,215 हो गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान इस महामारी से 312 लोगों की मौत हुई है और इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 14,011 हो गई है। वहीं इस अवधि में 10,994 रोगी ठीक हुए हैं। इसके बाद देश में इस जानलेवा विषाणु से निजात पाने वाले मरीजों की संख्या 2,48190 हो गई है। देश में इस समय कोरोना के 1,78,014 सक्रिय मामले हैं। कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के संंक्रमण के 3721 मामले दर्ज किये गये और 113 लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,35,796 और मृतकों की संख्या बढ़कर 6283 हो गई है। इस दौरान राज्य में 1962 रोगमुक्त हुए हैं जिसके बाद स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 67,706 हो गयी है।कोरोना से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की स्थिति भयावह होती जा रही है। दिल्ली कोविड-19 से प्रभावित होने के मामले में देश में दूसरे स्थान पर है। पिछले 24 घंटों में 2909 नये मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 62,655 हो गई है। वहीं इस दौरान 58 मरीजों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या 2233 तक पहुंच गई है। मृतक संख्या के हिसाब से दिल्ली महाराष्ट्र के बाद दूसरे स्थान पर है। राजधानी में 36,602 मरीज रोगमुक्त हुए हैं , जिन्हें विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।

कोरोना वायरस से प्रभावित होने के मामले में तमिलनाडु तीसरे स्थान पर है। यहां कुल संक्रमितों की संख्या अब 62,087 है और अब तक इस वायरस से 794 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 34,112 लोगों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। देश का पश्चिमी राज्य गुजरात कोविड-19 के संक्रमितों की संख्या मामले में चौथे स्थान पर है, लेकिन मृतकों की संख्या के मामले में यह महाराष्ट्र और दिल्ली के बाद तीसरे स्थान पर है। गुजरात में अब तक 27,825 लोग वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 1684 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 19,909 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं। इसके अलावा यूपी और राजस्थान सहित देश के सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में यह महामारी काफी तेजी से फैल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here