विदेश डेस्क

प्रखर प्रखहर

संयुक्त राष्ट्रः भारत 17 जून यानी बुधवार को आठवीं बार संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का अस्थाई सदस्य निर्वाचित हुआ। भारत सुरक्षा परिषद की 15 सदस्यीय समिति के लिए एशिया-प्रशांत क्षेत्र से नर्विरोध चुना गया। भारत 2021-22 तक सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य रहेगा। भारत का कार्यकाल एक जनवरी 2021 से शुरू होगा। 

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। मिशन ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के सदस्यों ने भारत को भारी बहुमत के साथ वर्ष 2021-22 कार्यकाल के लिए सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य चुना है। भारत काे 192 वैध मतों में से 184 वोट मिले।

इससे पहले भारत 1950-1951, 1967-1968, 1972-1973, 1977-1978, 1984-1985, 1991-1992 और 2011-2012 में सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य रह चुका है। सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य चुने जाने के बाद भारत अब स्थायी सदस्यता की अपनी दावेदारी को मजबूती के साथ रख सकेगा। भारत के अलावा जापान, जर्मनी और ब्राजील सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता की मांग कर रहे हैं।                                                                                

संरा सुरक्षा परिषद में कुल 15 सदस्य होते हैं, जिनमें 10 अस्थाई तता पांच स्थाई सदस्य होते हैं। अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस और चीन स्थायी सदस्य हैं, जबकि अस्थायी सदस्य प्रत्येक वर्ष दो वर्ष के निर्वाचित होते हैं।

उधर, अमेरिका ने भारत के संरा सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य निर्वाचित होने का स्वागत किया है। अमेरिका ने कहा है कि हम भारत का गर्मजोशी से स्वागत करते हैं और संरा सुरक्षा परिषद में सफल चुनाव के लिए बधाई देते हैं। हम अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के मुद्दों पर साथ काम करने के लिए उत्साहित हैं, जो भारत और अमेरिका के बीच सहभागिता की वैश्विक रणनीति है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here