दिल्ली डेस्क

दिल्लीः देश में कोराेना संक्रमितों की संख्या 1.90 लाख के पार पहुंच गई है तथा भारत सबसे अधिक प्रभावित होने के मामले में फ्रांस और जर्मनी को पीछे छोड़कर दुनियाभर में सातवें स्थान पर पहुंच गया है। पिछले दो दिनों इस इस संक्रमण के मामलों में काफी वृद्धि हुई है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से एक जून को जारी किये गये आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटों में 8392 नये मामले सामने आए हैं। अब देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,90,535 हो गई है।। इस दौरान 230 लोगों की मृत्यु होने के कारण मृतकों की संख्या 5394 हो गई है।। इस महामारी से ठीक होने वाले लोगों की तुलना में नये मामलों की दर अधिक होने के कारण सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 93,322 हो गई है। देश में महाराष्ट्र , तमिलनाडु, दिल्ली और गुजरात में संक्रमण के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। पिछले 24 घंटों में इन चार राज्यों में पांच हजार से अधिक नये मामले सामने आए हैं।महाराष्ट्र इस महामारी से देश में सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। राज्य में पिछले 24 घंटों में 2487 नये मामले सामने आये हैं और 89 लोगों की मौत हुई है। राज्य में इससे प्रभावित होने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 67,655 तथा इस जानलेवा विषाणु से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 2286 हो गया है। वहीं 29329 लोग इस महामारी से निजात पाने में कामयाब हुए हैं।

कोविड-19 से प्रभावित होने के मामले में तमिलनाडु दूसरे नंबर पर है। यहां अब तक 22 हजार से अधिक इससे संक्रमित हुए चुके हैं। राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 22,333 हैं तथा 173 लोगों की मृत्यु हुई है। वहीं 12,757 लोगों को उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। इस संक्रमण के कारण राष्ट्रीय राजधानी की भी स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई है। दिल्ली संक्रमितों की संख्या के मामले में देश में तीसरे स्थान पर है। दिल्ली में 19844 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 473 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 8478 मरीजों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। कोविड-19 से प्रभावित होने के मामले में देश का पश्चिमी राज्य गुजरात चौथे नंबर पर है। गुजरात में अब तक 16,779 लोग इससे संक्रमित हुए हैं तथा 1038 लोगों ने जान गंवाई है। वहीं 9919 लोग इस बीमारी से उबरने में कामयाब हुए हैं। इसके अलावा राजस्थान और मध्य प्रदेश सहित देश के सभी हिस्सों में यह संक्रमण काफी तेजी से फैल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here