दिल्ली डेस्क

दिल्लीः देश में कोरोना वायरस का प्रकोप काफी तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान इस संक्रमण के 7964 नये मामले दर्ज किये गये हैं तथा 265 लोगों की मौत हुई है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से 30 मई की सुबह जारी किये गये आंकड़ों के मुताबिक देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इससे अब तक 1,73,763 लोग प्रभावित हुए हैं तथा 4971 लोगों की मौत हुई है। वहीं 82,370 लोग इस बीमारी से निजात पाने में कामयाब हुए हैं। देश में मौजूदा समय में कोरोना के 86,422 सक्रिय मामले हैं। महाराष्ट्र इस महामारी से देश में सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। राज्य में पिछले 24 घंटों में 2682 नये मामले सामने आये हैं और 116 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में इससे प्रभावित होने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 62,228 हो गई है तथा मरने वाले वाले लोगों का आंकड़ा 2098 पहुंच गया है। वहीं 26997 लोग अब तक इससे ठीक हुए हैं। कोरोना वायरस से प्रभावित होने के मामले में तमिलनाडु दूसरे नंबर पर है। यहां संक्रमितों की संख्या 20 हजार से अधिक हो चुकी है। तमिलनाडु में कोविड-19 से अब तक 20,246 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 154 लोगों की मृत्यु हुई है। वहीं 11,313 लोगों को उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी मिल चुकी है।
कोरोना के कारण राष्ट्रीय राजधानी की भी स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई है। दिल्ली में 17,386 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 398 लोगों की जान जा चुकी है। 7846 मरीजों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। इस जानलेवा विषाणु से प्रभावित होने के मामले में देश का पश्चिमी राज्य गुजरात चौथे नंबर पर है। गुजरात में अब तक 15,934 लोग इससे संक्रमित हुए हैं तथा 980 लोगों ने जान गंवाई है।वहीं 8611 लोग इस बीमारी से उबरने में कामयाब हुए हैं। इसके अलावा राजस्थान और मध्य प्रदेश सहति देश के अन्य सभी हिस्सों में यह महामारी काफी तेजी से फैल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here