प्रखर प्रहरी डेस्कः चक्रवाती तूफान अम्फान से ओडिशा के 12 तटवर्ती जिलों के 44 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। ओडिशा के मुख्य सचिव एके त्रिपाठी ने 21 मई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कैबिनेट सचिव राजीव गाैबा को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अम्फान से प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों से मिली सूचना के अनुसार इस चक्रवाती तूफान का असर 89 ब्लॉकों की 1500 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले 6745 गांवों के लगभग 44.5 लाख लोगों पर हुआ है।  
उन्होंने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान के तहत लगभग दो लाख लोगों को सुरक्षित निकालकर 3228 राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। सभी मछुआरों को समुद्र से वापस बुला लिया गया। मछुआरों की 22,050 नौकाओं को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया। लगभग 210 चिकित्सा दलों के अलावा 75 पशु चिकित्सा दलों ने अम्फान से प्रभावित क्षेत्रों में अपना काम शुरू कर दिया है।  उन्होंने बताया कि चक्रवाती तूफान के बाद सड़कों को साफ करने और बिजली आपूर्ति पुन: बहाल करने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। इस संबंध में पहले से तैनात टीमों ने अपना कार्य शुरू कर दिया है। तूफान प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति दोबारा शुरू कर दी गई है।

त्रिपाठी ने बताया कि बड़े पैमाने पर लोगों को तूफान के बारे में पहले से जानकारी दी गई। सरकार ने  61.26 लाख लोगों को एसएमएस संदेश भेजकर उन्हें जागरुक और सतर्क किया। इसके अलावा बुरी तरह से प्रभावित क्षेत्रों में 46 टॉवरों के जरिए लॉउडस्पीकरों, सायरनों और संदेश के जरिए लाेगों को तूफान के बारे में सतर्क किया गया। एनडीआरएफ की 16 टीमों, ओडीआरएएफ की 15, दमकल विभाग की 217 टीमों के अलावा ओएफडीसी की 75 टीमों काे किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैनात कर दिया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here