संवाददाता

दिल्लीः देश में वैश्विक महामारी कोरोना गत दो दिनों में काफी तेजी से फैला है। पिछले दो दिन में देश के विभिन्न हिस्सों में इस संक्रमण के 10 हजार मामले सामने आये हैं और देश में इससे प्रभावित होने वाले लोगों की संख्या एक लाख के पार पहुंच गई है। देश में अब तक दर्ज किये गये मामलों में एक तिहाई से अधिक मामले सिर्फ महाराष्ट्र में दर्ज किये गये हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से19 मई की सुबह जारी किये गये आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में इस संक्रमण के 4,970 नये मामले आये हैं और देश में इससे संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या 101139 हो गई है। एक दिन पहले देश में इस जानलेवा विषाणु के 5,242 मामले दर्ज किये गये थे। वहीं इस संक्रमण से देश में पिछले 24 घंटे में 134 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही देश में मृतकों की संख्या 3163 हो गई है। वहीं देश में पिछले 24 घंटों में 2350 लोग स्वस्थ हुए हैं। इस तरह से देश में अब तक 39174 लोग इस महामारी से ठीक हो चुके हैं।

देश में महाराष्ट्र कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। कोविड-19 के कारण राज्य की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 2005 नये मामले सामने आये हैं और कुल संक्रमितों की संख्या 35,058 हो गई  है। राज्य में 1249 लोगों की इसके कारण अब तक मौत हुई है। वहीं 8437 लोग इसके संक्रमण से ठीक भी हुए हैं। कोरोना से प्रभावित होने के मामले में गुजरात दूसरे नंबर पर है। गुजरात में अब तक 11745 लोग इससे संक्रमित हुए हैं तथा 694 लोगों की मृत्यु हुई है। वहीं 4804 लोगों को उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी मिल चुकी है। कोरोना संक्रमण के मामलों में तमिलनाडु तीसरे नंबर पर है। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 11,760  है तथा 81 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 4406 लोग इस बीमारी से ठीक हुए हैं।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की भी स्थिति इस  जानलेवा विषाणु के कारण चिंताजनक बनी हुई है। हालांकि दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के नये मामले सामने नहीं आये हैं,  लेकिन आठ संक्रमितों की मौत हुई है। यहां अब तक 10,054 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 168 लोगों की मौत हुई है। वहीं 4485 लोगों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे

दी गई है। इसके अवाला देश के विभिन्न हिस्सों में भी यह जानलेवा काफी तेजी से पैर पसार रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here