दिल्लीः दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी सहित पूरे उत्तर भारत में सर्दी का सितम जारी है। दिल्ली में कड़ाके की ठंड ने लोगों का बुरा हाल कर रखा है। यहां पर 29 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में 14 दिसम्बर से शीतलहर का प्रकोप शुरू हुआ था और अगले तीन दिनों तक यहां के लोगों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। राष्ट्रीय राजधानी में 28 दिसंबर को सर्दी ने 120 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 28 दिसंबर को यहां पर न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 29 दिसंबर को यहां पर अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 29 दिसंबर को सुबह 8.30 बजे यहां के आया नगर में न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री, दिल्ली विश्वविद्यालय क्षेत्र में 3.0 डिग्री, नरेला में 2.0 डिग्री, सफदरजंग में 2.0 डिग्री और पालम में 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा कि यहां पर एक और दो जनवरी को ओलावृष्टि होने की उम्मीद है। विभाग का मानना है कि तीन जनवरी तक पहाड़ी क्षेत्रों में जोरदार हिमपात होने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश, झारखंड तथा राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में ठंड के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। हरियाणा के हिसार में छह साल में दूसरी बार न्यूनतम तापमान शून्य से भी नीचे चला गया। राजस्थान के पांच शहरों फतेहपुर, माउंट आबू, जोबनेर, सीकर और चुरू में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे आ गया। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान माइनस चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माउंट आबू में बर्फ की परत जमी हुई है। ओडिशा और छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में भी ठंड के कारण लोगों का बुरा है।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हाड़ कंपाने वाली ठंड ने लोगों को बेहाल कर रखा है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे बने रहने के कारण विश्व प्रसिद्ध डल झील समेत अधिकांश जलस्त्रोतों के पानी जम गए हैं। हिमाचल प्रदेश में छह स्थानों केलंग, कल्पा, मनाली, कुफरी, सुंदरनगर व सोलन में तापमान जमाव बिंदु से नीचे है। लाहुल स्पीति में स्पीति नदी और किन्नौर में सतलुज नदी में कुछ जगहों पर पानी जम गया है। कुफरी, मनाली, सोलन, भुंतर, सुंदरनगर समेत कई जगहों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here