दक्षिण सूडान में शांति स्थापित करने में अभूतपूर्व योगदान देने के लिए लगभग 850 भारतीय शांति सैनिकों को संयुक्त राष्ट्र पदक से नवाजा जाएगा।

संयुक्त राष्ट्र के मिशन ने मंगलवार को एक वक्तव्य जारी कर यह जानकारी दी। भारतीय सैनिकों को यह पदक दक्षिण सूडान के नागरिकों की सुरक्षा के साथ वहां शांति स्थापित करने के लिए अभूतपूर्व समर्पण एवं त्याग के लिए दिया जा रहा है।
भारतीय सैनिकों ने वहां ऊपरी नील क्षेत्र में सरकार और विपक्षी लड़ाकों के बीच शांति वार्ता आयोजित करने के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए हैं। साथ ही भारतीय सैनिकों के प्रयासों से ही कोडोक में पहली बार संयुक्त राष्ट्र मिशन का कार्यालय खोला गया है।
दक्षिण सूडान में भारतीय सैन्य दल के कमांडर कर्नल अमित गुप्ता ने कहा कि हम चाहते हैं कि दक्षिण सूडान के लोग हमें याद रखें। हम उन्हें बेहतर स्थिति में छोड़ना चाहते हैं, ताकि वे अपने देश का नये सिरे से निर्माण कर सकें।

संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशनों की शुरुआत से लेकर अब तक भारत ने इसमें सर्वाधिक योगदान दिया है। भारत ने अब तक संयुक्त राष्ट्र के 49 शांति मिशनों में हिस्सा लिया है जिसके तहत 2,45,000 भारतीय सुरक्षाबलों ने अपनी सेवाएं दी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here